कुनकुरी में दंतैल का तांडव, चर्च-अस्पताल परिसर में घुसा, अस्पताल की बाउंड्रीवाल तोड़ी
कुनकुरी में दंतैल का तांडव, चर्च-अस्पताल परिसर में घुसा, अस्पताल की बाउंड्रीवाल तोड़ी
जशपुर। जंगल से निकल कर एक लोनर हाथी (दल से अलग हुआ नर हाथी) भटकते हुए रविवार की सुबह कुनकुरी शहर में आ गया। हाथी कुनकुरी के महागिरजा घर और हाली क्रास अस्पताल परिसर के अंदर घुस आया। दंतैल ने अस्पताल के बाउंड्रीवाल को क्षतिग्रस्त कर दिया। महागिरजा घर और अस्पताल कटनी- गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग में कुनकुरी से जशपुर की ओर जाने वाली सड़क में ही स्थित है। दिन में इस तरह हाथी को नगर के बीच में चहल कदमी करते हुए देख कर अफरा तफरी मच गई। हालांकि अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
चर्च और अस्पताल परिसर में चहल कदमी करते हुए हाथी का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद वनविभाग ने विडियो बनाने के लिए हाथी के नजदीक ना जाने की अपील की है। विभाग का दावा है कि लोनर की हलचल पर नजर रखी जा रही है।
हालांकि कुनकुरी नगर में घुस आए हाथी की चेतावनी ना मिलने पर नगरवासियों ने नाराजगी जताई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह लोनर हाथी बीते कुछ दिनों से कुनकुरी के आसपास के ग्रामीण अंचल के जंगलों में भटक रहा है। हाथी रविवार की सुबह सबसे पहले महागिरजा घर के परिसर में घुस आया। इस समय तक चर्च में रविवार को होने वाली प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए श्रद्वालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। परिसर में दंतैल को देख कर श्रद्वालु घबरा गए और चर्च के प्रार्थना सभागार में घुस कर स्वयं को सुरक्षित कर लिया।
अस्पताल की दीवार तोड़ी
कुछ देर तक परिसर में घुमने के बाद यह दंतैल यहां से निकल कर चर्च के पास में ही स्थित हाॅलीक्रास अस्पताल परिसर में घुस गया। यहां इस दंतैल ने अस्पताल की चार दीवारी को क्षतिग्रस्त कर दिया। दीवार तोड़ते हुए हाथी का वीडियो बना कर नगर पंचायत कुनकुरी अध्यक्ष विनयशील ने सोशल मीडिया में प्रसारित किया है। वीडियों में दंतैल आक्रामक नजर आ रहा है। भटकते हुए यह दंतैल कुनकुरी के जय स्तंभ चैक के पास तक पहुंच गया था। हाथी को देखने के लिए मौके पर भीड़ जमा हो गई थी। कुछ देर बाद दंतैल वापस जंगल की ओर लौट गया।
दूर रहें हाथी से
‘‘लोटापानी के जंगल से निकल कर लोनर हाथी घुमाडांड़ होते हुए कुनकुरी पहुंचा था। यहा चर्च,लोयला कालेज और अस्पताल परिसर से होते हुए वनविभाग के नर्सरी में घुसा हुआ है। इसकी हलचल पर नजर रखी जा रही है। नगरवासियों से हाथी से दूरी बना कर रखने की अपील की जा रही है।’’
– सुरेंद्र होता,रेंजर,कुनकुरी।