Raigarh News: छठ महापर्व से पहले लेबर कॉलोनी छठ घाट की सफाई में जुटा निगम प्रशासन, महापौर, सभापति और आयुक्त ने जनप्रतिनिधियों के साथ किया श्रमदान, घाट की पचरियों से लेकर पूरे परिसर की हुई साफ-सफाई
Raigarh News: छठ महापर्व से पहले लेबर कॉलोनी छठ घाट की सफाई में जुटा निगम प्रशासन, महापौर, सभापति और आयुक्त ने जनप्रतिनिधियों के साथ किया श्रमदान, घाट की पचरियों से लेकर पूरे परिसर की हुई साफ-सफाई
रायगढ़। स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत शुक्रवार सुबह 7:30 बजे निगम प्रशासन द्वारा लेबर कॉलोनी स्थित छठ घाट के पास विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू और निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने एमआईसी सदस्यों, पार्षदों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान छठ घाट की सभी पचरियों और तट पर जमा कचरे को हटाया गया। इसके साथ ही घाट परिसर में बने पगोडा सहित पूरे परिसर की साफ-सफाई की गई। परिसर में उगी घास, खरपतवार एवं झाड़ियों की कटाई-छंटाई कर घाट को व्यवस्थित बनाया गया, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
छठ महापर्व में अब लगभग एक माह शेष है। इसे देखते हुए निगम प्रशासन ने पर्व से पहले ही घाट की सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की पहल शुरू कर दी है, ताकि महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निगम प्रशासन द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के माध्यम से शहर के सार्वजनिक स्थलों, जलस्रोतों और धार्मिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
श्रद्धालुओं को स्वच्छ और व्यवस्थित घाट उपलब्धता प्राथमिकता
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ और व्यवस्थित घाट उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। पर्व से पहले ही घाट की सफाई शुरू करने का उद्देश्य है कि समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें। स्वच्छ शहर बनाने में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है.
प्रत्येक नागरिक का दायित्व है शहर की स्वच्छता
सभापति डिग्री लाल साहू ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक आस्था के केंद्रों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए सभी को आगे आना चाहिए। छठ महापर्व से पहले घाट की सफाई का यह अभियान श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।
किया जा रहा है आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त
आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन द्वारा घाट की सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त किया जा रहा है। अभियान के तहत कचरा हटाने के साथ घास, खरपतवार और झाड़ियों की कटाई-छंटाई कराई गई है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके इसके लिए संबंधित अधिकारियों को पर्व तक घाट एवं आसपास के परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने निर्देशित किया गया है।