Raigarh News: एमआईसी ने 12.50 करोड़ के 8 बड़े प्रोजेक्ट किए मंजूर, महापौर परिषद की बैठक में तालाब, उद्यान, ऑक्सीजोन, जलापूर्ति और सब्जी मंडियों सहित विभिन्न प्रस्ताव मंजूर
Raigarh News: एमआईसी ने 12.50 करोड़ के 8 बड़े प्रोजेक्ट किए मंजूर, महापौर परिषद की बैठक में तालाब, उद्यान, ऑक्सीजोन, जलापूर्ति और सब्जी मंडियों सहित विभिन्न प्रस्ताव मंजूर
रायगढ़। नगर निगम में गुरुवार को महापौर जीवर्धन चौहान की अध्यक्षता में महापौर परिषद (एमआईसी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में शहर के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने, बाजारों के सुव्यवस्थित विकास, सामाजिक सुरक्षा तथा प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति की मुहर लगी।
बैठक में एनटीपीसी लारा के सीएसआर मद से 12 करोड़ 49 लाख 97 हजार रुपए की लागत से शहर में 8 महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इनमें जयसिंह तालाब उन्नयन, कलेक्ट्रेट एवं न्यायालय परिसर के सामने स्मृति उद्यान, सर्किट हाउस के सामने दिव्यांग-अनुकूल ऑल एबिलिटी पार्क एवं शेड, गांधीगंज विकास तथा मिट्ठुमुड़ा और फटहामुड़ा तालाब में फुटपाथ एवं अन्य विकास कार्य शामिल हैं। इसके अलावा पंचतत्व उद्यान में फुटपाथ निर्माण तथा उपभोक्ता फोरम के पास ऑक्सीजोन निर्माण को भी स्वीकृति मिली है। इन कार्यों से शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को बेहतर स्वरूप देने के साथ नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
अमृत 2.0 से मजबूत होगी शहर की जलापूर्ति व्यवस्था
शहर की जलापूर्ति व्यवस्था के विस्तार की दिशा में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत ₹153.91 लाख की लागत से कोतरा रोड फ्लाईओवर से बरमुड़ा -नंदेली रोड तक डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन बिछाने की निविदा को मंजूरी दी गई। वहीं ग्राम बड़े रामपुर में प्रस्तावित 17 एमएलडी इंटेकवेल के भविष्य के विस्तार एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शासकीय भूमि के आपसी तबादले संबंधी प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
व्यवस्थित होंगी सब्जी मंडियां, बाजार व्यवस्था को मिलेगा नया स्वरूप
नागरिकों एवं व्यवसायियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिग्री कॉलेज के सामने नजूल भूमि पर सुव्यवस्थित सब्जी मंडी तथा 480 वर्गमीटर में पानी पसारी शेड निर्माण को मंजूरी दी गई। सारंगढ़ बस स्टैंड के समीप नजूल भूमि पर प्रस्तावित सब्जी मंडी निर्माण कार्य को गति देने का निर्णय भी लिया गया। वहीं कोतरा रोड ओवरब्रिज के नीचे स्थित पसरा शेडों को डिस्मेंटल कर सुव्यवस्थित सब्जी मंडी विकसित करने तथा रिक्त भूमि पर नियमानुसार लीज पर स्थान आवंटित करने संबंधी प्रस्ताव पर भी निर्णय लिया गया। दोनों ही जगहों सब्जी विक्रेताओं की व्यवस्थापन की जगह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
10 हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की स्वीकृति
बैठक में राष्ट्रीय परिवार सहायता एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की पात्रता जांच के बाद 10 पात्र हितग्राहियों को वृद्धावस्था, विधवा एवं सुखद सहारा पेंशन की स्वीकृति दी गई। इससे पात्र हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ सुनिश्चित होगा।
सेवा ज्योति संकल्प चौक और दो नई कॉलोनियों के नाम को मंजूरी
सेवा ही संकल्प अभियान के तहत उर्दना मोड़ स्थित तिराहे का नाम सेवा ज्योति संकल्प चौक रखने का निर्णय लिया गया। वहीं सिंधी समाज की मांग पर वार्ड क्रमांक 22 एवं 23 स्थित पक्की खोली का नाम श्री झूलेलाल कॉलोनी तथा कच्ची खोली का नाम संत कंवर राम कॉलोनी किए जाने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
महापौर परिषद की बैठक में लिए गए इन निर्णयों से शहर में विकास कार्यों को गति मिलने के साथ नागरिक सुविधाओं, जलापूर्ति, पर्यावरण एवं सौंदर्यीकरण तथा बाजार व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित एवं मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी। बैठक में एमआईसी सदस्यों द्वारा एजेंडा से संबंधित प्रश्न एवं जिज्ञासा की पूर्ण जानकारी कमिश्नर श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने दी। मेयर इन काउंसिल की बैठक में एमआईसी सदस्य श्री सुरेश गोयल, श्री पंकज कंकरवाल, श्री अशोक यादव, श्री मुक्तिनाथ बबुआ, श्री आनंद भगत, श्रीमती त्रिवेणी डहरे सहित निगम के विभाग प्रमुख अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।