सुकमा में विस्फोटक नष्ट करने के दौरान बड़ा हादसा, अचानक ब्लास्ट की चपेट में आए CRPF के 4 जवान, दो गंभीर रूप से घायल

छत्तीसगढ़ October 8, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
 सुकमा में विस्फोटक नष्ट करने के दौरान बड़ा हादसा, अचानक ब्लास्ट की चपेट में आए CRPF के 4 जवान, दो गंभीर रूप से घायल

 सुकमा में विस्फोटक नष्ट करने के दौरान बड़ा हादसा, अचानक ब्लास्ट की चपेट में आए CRPF के 4 जवान, दो गंभीर रूप से घायल

 

सुकमा। जिले के भेज्जी थाना क्षेत्र में विस्फोटकों के सुरक्षित विनष्टीकरण के दौरान हुए हादसे में CRPF के चार जवान घायल हो गए। घटना 8 अक्टूबर 2026 को एलार्मडगु कैंप के पास हुई। हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए भद्राचलम के हायर सेंटर रेफर किया गया है।

 विस्फोटक नष्ट करने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, CRPF कोन्टा रेंज के अंतर्गत आने वाले विभिन्न कैंपों में रखे अनसर्विसेबल और बचे हुए विस्फोटकों के सुरक्षित विनष्टीकरण के लिए जगदलपुर से एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम (ATT) एलार्मडगु कैंप पहुंची थी। टीम द्वारा कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास सुरक्षा मानकों के तहत विस्फोटकों के विनष्टीकरण की प्रक्रिया की जा रही थी। इसी दौरान दुर्घटनावश एक विस्फोटक का हिस्सा पास में आकर गिरा और ब्लास्ट हो गया। अचानक हुए इस विस्फोट की चपेट में सुरक्षा ड्यूटी और विनष्टीकरण प्रक्रिया में शामिल चार जवान आ गए।

दो जवानों को गंभीर चोट

हादसे में घायल जवानों की पहचान इस प्रकार हुई है-

ASI एम.के. तिवारी — ATT टीम, गंभीर चोट
ASI अनीश खान — 50वीं वाहिनी CRPF, गंभीर चोट
निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा — ATT टीम, सामान्य चोट
प्रधान आरक्षक कुलदीप राज — 50वीं वाहिनी CRPF, सामान्य चोट
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए शासकीय अस्पताल, कोन्टा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चारों जवानों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए भद्राचलम रेफर कर दिया गया, जहां उन्हें उपचार के लिए ले जाया जा रहा है।

खबर शेयर करें: