Raigarh: जिला स्तरीय सेवा संकल्प अभियान प्रतियोगिता में पुसौर के छात्रों का दबदबा, छह में से पांच विधाओं में प्रथम, 12 प्रतिभागियों में 8 ने हासिल किए प्रथम तीन स्थान
Raigarh: जिला स्तरीय सेवा संकल्प अभियान प्रतियोगिता में पुसौर के छात्रों का दबदबा, छह में से पांच विधाओं में प्रथम, 12 प्रतिभागियों में 8 ने हासिल किए प्रथम तीन स्थान
रायगढ़, 8 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता में पुसौर विकासखंड के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। पीएमश्री नटवर अंग्रेजी माध्यम स्कूल, रायगढ़ में 6 अक्टूबर को आयोजित प्रतियोगिता में जिले के सभी सात विकासखंडों से चयनित प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता प्राथमिक, माध्यमिक और सेकेंडरी स्तर पर आयोजित की गई। प्रत्येक स्तर पर भाषण एवं चित्रकला की प्रतियोगिता हुई। पुसौर विकासखंड से 12 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 8 विद्यार्थियों ने प्रथम तीन स्थानों में जगह बनाई। पुसौर के विद्यार्थियों ने छह विधाओं में से पांच में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा और तैयारी का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
चित्रकला में तीनों स्तर पर प्रथम
चित्रकला के प्राथमिक स्तर पर डिवाइन लाइफ स्कूल, झलमला की संजना प्रजापति, माध्यमिक स्तर पर इसी विद्यालय की प्राची मेहर तथा सेकेंडरी स्तर पर पायोनियर पब्लिक स्कूल, कोंडाताराई की गरिमा पटेल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
भाषण में भी शानदार प्रदर्शन
भाषण प्रतियोगिता के प्राथमिक स्तर पर प्राथमिक शाला खोखरा की फातिमा महंत ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसी स्तर पर सेंट जेरोम मियानी, जकेला की कुमकुम श्रीवास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। माध्यमिक स्तर पर सेजेस पुसौर की मीनाक्षी साहू द्वितीय रहीं। सेकेंडरी स्तर पर सेजेस पुसौर की प्रिंसी पटेल ने द्वितीय तथा बालक स्कूल पुसौर के तुसार चौहान ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता प्रतिभागियों को नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रवींद्र गबेल ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी उनकी प्रतिभा को निखारने के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुषमा खलखो, अरुणधर दीवान, गुरुपाल भल्ला सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।