रायगढ़ में निकाली गई सेवा ज्योति यात्रा, उमड़ा जनसैलाब, पीएम मोदी ने वर्चुअल संबोधन किया
रायगढ़ में निकाली गई सेवा ज्योति यात्रा, उमड़ा जनसैलाब, पीएम मोदी ने वर्चुअल संबोधन किया
वित्तमंत्री ओपी चौधरी बोले- नरेंद्र मोदी जैसा नेतृत्व मिलना सौभाग्य
25 साल का एक ही मंत्र—सेवा, सेवा और सेवा : ओपी चौधरी
ओपी ने कहा- मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत बनकर रहेगा
रायगढ़। रायगढ़ में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। रामलीला मैदान में सुबह 9 बजे मुख्य कार्यक्रम शुरू हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और लोगों को संबोधित किया।
इसके बाद विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प कराया गया। अतिथियों ने सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित कर यात्रा को रवाना किया। कार्यक्रम में जिले के सभी मंडलों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे। प्रदेश के वित्तमंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी समेत भाजपा के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे किए हैं। इन 25 वर्षों की यात्रा का एक शब्द में सार ‘सेवा’ है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए रायगढ़ में सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री केवल सपने नहीं दिखाते, बल्कि उन्हें पूरा करने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना के साथ काम करते हैं। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया गया है और इस दिशा में सभी को मिलकर काम करना है। चौधरी ने कहा कि यह आयोजन जश्न या सेलिब्रेशन नहीं, बल्कि आम लोगों की सेवा का माध्यम है।
ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिर्फ भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लोगों के लिए सौभाग्य का विषय हैं। हम सब मिलकर उनके 140 करोड़ लोगों के संकल्प और विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रयास करेंगे।
शहर के प्रमुख मार्गों से निकली यात्रा
सेवा ज्योति यात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर घड़ी चौक, गद्दी चौक, सुभाष चौक, बेटी बचाओ चौक, नटवर स्कूल और सतीगुड़ी चौक होते हुए आगे बढ़ी। जगह-जगह नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। भाजयुमो अध्यक्ष सुमीत शर्मा के अनुसार युवा कार्यकर्ता बाइक रैली के साथ यात्रा की अगुवाई कर रहे थे।
सेवा कार्यों को भी अभियान से जोड़ा
ओपी चौधरी ने सेवा संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ में किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुसौर में आयोजित नेत्र शिविर में 2800 से अधिक लोगों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए। सिंदूर पार्क में दिव्यांगजनों के लिए आयोजित कार्यक्रम में सीएसआर मद से 350 दिव्यांगजनों को कृत्रिम उपकरण वितरित किए गए।
उन्होंने बताया कि खर्राघाट के कायाकल्प के लिए सफाई अभियान के बाद करीब 26 करोड़ रुपए की परियोजना का टेंडर किया गया है। इसके तहत मरीन ड्राइव, ऑक्सीजोन और घाट निर्माण के कार्य किए जाएंगे।
ओपी ने दिलाई राष्ट्र सेवा की शपथ
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद उपस्थित लोगों ने उनकी 25 वर्षीय जनसेवा यात्रा से जुड़े संस्मरण साझा किए। इसके बाद ओपी चौधरी ने उपस्थित लोगों को राष्ट्र प्रेम, राष्ट्र सेवा और जागरूकता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान और जिला भाजपा संगठन प्रभारी प्रशांत सिंह ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।