प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों का जनसेवा का सफर देश के लिए प्रेरणास्रोत : सांसद नवीन जिंदल
प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों का जनसेवा का सफर देश के लिए प्रेरणास्रोत : सांसद नवीन जिंदल
सेवा, संकल्प और जनभागीदारी से वर्ष 2047 तक भारत बनेगा विकसित राष्ट्र : सांसद नवीन जिंदल
कैथल में हुआ विकसित भारत संकल्प सभा और सेवा ज्योति यात्रा का भव्य आयोजन
कुरूक्षेत्र सांसद नवीन जिंदल ने की बतौर मुख्य अतिथि शिरकत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल रूप से दिलाया विकसित भारत 2047 का संकल्प
कैथल, 7 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को पुलिस लाइन मैदान में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र लोकसभा सांसद नवीन जिंदल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और डीसी अपराजिता ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इसके बाद उपस्थित लोगों को विकसित भारत 2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया। सांसद नवीन जिंदल सहित अन्य अतिथियों ने मशाल प्रज्ज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा में भाग लिया। यात्रा के दौरान वंदे मातरम के उद्घोष और भारतीय संस्कृति से जुड़ी नगाड़ा व बीन पार्टियों ने सभी के अंदर उत्साह भर दिया।
सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। उन्होंने अपना लंबा जीवन देश और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया है। उनका जनसेवा का सफर देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प वर्ष 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाना है और इसी संकल्प को मजबूती देने के लिए सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया है। हम सब को मिलकर इस सपने को साकार करना है। सेवा, संकल्प और जनभागीदारी से ही विकसित भारत बनेगा।
उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने लगभग हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटना और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जैसे लंबे समय से देखे जा रहे सपने साकार हुए हैं। देश में आधुनिक सड़कों और हाईवे का तेजी से विस्तार हुआ है तथा दिल्ली-अमृतसर-कटरा हाईवे देश के बदलते बुनियादी ढांचे का उदाहरण है।
नवीन जिंदल ने कहा कि भारत आज स्टील उत्पादन सहित अनेक क्षेत्रों में विश्व के अग्रणी देशों में शामिल है। रेलवे विद्युतीकरण में तेजी आई है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। पीएम आवास योजना से जहां गरीब व्यक्ति को पक्की छत मिली, वहीं पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से उनके घर रोशन हुए हैं।
नवीन जिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया के अनेकों देशों ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया है। विदेशों में भारतीयों के प्रति सम्मान और विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि योग को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने में प्रधानमंत्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज 21 जून को पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है।
कैथल के युवाओं की उपलब्धियों पर सांसद ने जताया गर्व
सांसद नवीन जिंदल ने कौशल विकास और खेलों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सेतु योजना के अंतर्गत कैथल और कुरुक्षेत्र में कौशल विकास के क्षेत्र में और अधिक कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कैथल के युवा खिलाड़ी हिमांशु ढिल्लों को एशियन गेम्स में दो रजत पदक जीतने पर बधाई दी। इसी प्रकार कैथल की बेटी मुस्कान द्वारा शंघाई, चीन में आयोजित प्रतियोगिता में पदक जीतने पर बधाई दी। सांसद ने कहा कि कैथल के युवाओं की ऐसी उपलब्धियां पूरे जिले के लिए गर्व की बात हैं।
सेवा ज्योति यात्रा सेवा और सहयोग का संकल्प : ज्योति सैनी
भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यातिथि सांसद नवीन जिंदल सहित सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे देश में सेवा ज्योति यात्राएं निकाली जा रही हैं। यह यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि समाज की सेवा करने का संकल्प है। भाजपा के लिए सेवा कोई दिखावा नहीं, बल्कि सोच, संस्कार और संकल्प है। सेवा ज्योति इस बात का प्रतीक है कि आसपास कोई जरूरतमंद व्यक्ति हो तो उसके साथ खड़ा होना चाहिए।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, पूंडरी विधायक सतपाल जांबा, जिला प्रभारी अमरपाल राणा, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अक्षित दहिया, पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, पूर्व विधायक लीलाराम, कुलवंत बाजीगर, फूल सिंह खेड़ी, जिला परिषद चेयरमैन कर्मवीर कौल, लेबरफेड के चेयरमैन देवेंद्र पांचाल, नगर परिषद चेयरपर्सन सुरभि गर्ग, डॉ. जगविंदर, जिला महामंत्री मनीष शर्मा, विभिन्न नगरपालिकाओं एवं पंचायत समितियों के चेयरमैन, जिला प्रशासन की ओर से डीसी अपराजिता, पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सूदन, एडीसी सुशील कुमार, जिला परिषद के सीईओ गुलजार मलिक सहित विभिन्न अधिकारी, भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि, युवा, खिलाड़ी, रेडक्रास वॉलिंटियर्स आदि मौजूद रहे।