महासमुंद में वन विभाग की टीम पर हमला, रेंजर समेत दो अधिकारियों को बनाया बंधक
महासमुंद में वन विभाग की टीम पर हमला, रेंजर समेत दो अधिकारियों को बनाया बंधक
महासमुंद। महासमुंद जिले के बागबाहरा वन परिक्षेत्र के तमोरा क्षेत्र में वनभूमि अतिक्रमण के दौरान आरोपियों ने हमला कर दिया। वहीं रेंजर समेत दो अधिकारियों को करीब पांच घंटे बंधक बनाए रखा। यह घटना बीती रात की बताई जा रही है। इधर खबर फैलते ही हड़कंप मच गया। घटना 6 अक्टूबर की रात की है।
रात्रि गश्त में निकले थे अधिकारी
जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र अधिकारी नवीन वर्मा, उपवनक्षेत्रपाल नवीन शर्मा सहित कर्मचारी जंगली सुअर के अवैध शिकार की सूचना पर रात्रि गश्त कर रहे थे। इसी दौरान लाठी-डंडों से लैस लोगों ने वन अमले को घेर लिया। आरोप है कि रेंजर और उप वनक्षेत्रपाल के साथ मारपीट कर उन्हें घायल किया गया। उनका सामान भी छीन लिया गया। दोनों अधिकारियों को एक मकान में बंधक बनाए रखने की सूचना पर पुलिस और वन अमला मौके पर पहुंचा और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
5 घंटे तक बनाए रखा बंधक
आरोप है कि अतिक्रमणकारियों ने दोनों अधिकारियों के साथ मारपीट के बाद पर्स और उप वन क्षेत्रपाल का मोबाइल फोन भी छीन लिए गए। इसके बाद दोनों अधिकारियों को तमोरा वनखंड में एक मकान में बंधक बनाए रखा। बताया गया है कि रात करीब 7:30 बजे से 12:30 बजे तक लगभग पांच घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया।
सूचना प्राप्त होते ही पुलिस बल तथा वनपरिक्षेत्र बागबाहरा एवं महासमुंद का वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। यदि समय पर पुलिस बल एवं वन अमला मौके पर नहीं पहुंचता, तो अतिक्रमणकारियों द्वारा की गई मारपीट एवं हमले की गंभीरता को देखते हुए वन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जान तक जा सकती थी। समय पर बल के पहुंचने से एक गंभीर एवं संभावित जनहानि की स्थिति को टाला जा सका।