खरसिया में बुनियादी सुविधाओं को लेकर कांग्रेस का पैदल मार्च, CMO को सौंपा ज्ञापन

रायगढ़ October 5, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
खरसिया में बुनियादी सुविधाओं को लेकर कांग्रेस का पैदल मार्च, CMO को सौंपा ज्ञापन

खरसिया में बुनियादी सुविधाओं को लेकर कांग्रेस का पैदल मार्च, CMO को सौंपा ज्ञापन

 

खरसिया। नगर में सड़क, सफाई, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (शहर) खरसिया ने सोमवार को शांतिपूर्ण पैदल मार्च किया। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (शहर) अध्यक्ष सुनील शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता शहीद स्मारक स्थल के सामने स्थित रेस्ट हाउस से पैदल मार्च करते हुए नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी नीतू अग्रवाल से मुलाकात की और नगरवासियों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के नागरिक लंबे समय से सड़क, सफाई, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रहे हैं। नगर की प्रमुख सड़कों की स्थिति को लेकर कांग्रेस ने बताया कि रेलवे स्टेशन से गांधी चौक तक सड़क कई स्थानों पर खराब हो चुकी है और अग्रसेन भवन के आगे गड्ढों के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। गांधी चौक से राठौर चौक होते हुए हेम कल्याणी चौक तक सड़क की स्थिति भी खराब होने की बात ज्ञापन में कही गई है। इसके अलावा पोस्ट ऑफिस से बस्ती चौक होते हुए सब्जी मार्केट जाने वाली सड़क तथा विभिन्न वार्डों की आंतरिक सड़कों की स्थिति सुधारने की मांग की गई है। हमालपारा के वार्ड क्रमांक 4 और 5 की सड़कों की खराब स्थिति का भी उल्लेख किया गया है।

कांग्रेस ने नगर की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कई वार्डों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं और नियमित सफाई नहीं होने से मच्छर तथा बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। पुरानी बस्ती, ठाकुरदिया, हमालपारा, गंज पिछे और झाड़ू क्षेत्र सहित अन्य इलाकों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की गई है।

ज्ञापन में वार्डों में स्ट्रीट लाइट की समस्या भी उठाई गई। कांग्रेस का कहना है कि कई खंभों पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने से रात के समय अंधेरा रहता है। वहीं, जिन वार्डों में भागीरथी कनेक्शन नहीं हैं, वहां नगर पालिका के बोर के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पिछले करीब छह माह से खराब पड़े बोरों की मरम्मत नहीं कराई जा रही है, जिससे कई वार्डों में पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

ज्ञापन में नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए गए हैं। कांग्रेस ने तालाबों और कुओं के संरक्षण, तालाबों के आकार में कमी किए जाने तथा एक ही तालाब की बार-बार सफाई के नाम पर राशि खर्च किए जाने जैसे आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। साथ ही नगर में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए। कांग्रेस का आरोप है कि कुछ विकास कार्य गुणवत्ताहीन हैं और थोड़ी बारिश में ही नालियों के बहने जैसी स्थिति सामने आ जाती है। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और ऑडिटोरियम के कार्यों को लेकर भी ज्ञापन में सवाल उठाए गए हैं।

कांग्रेस ने नगरवासियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस कमेटी आम जनता के साथ मिलकर बुनियादी सुविधाओं और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करेगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर रायगढ़, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खरसिया और विधायक उमेश पटेल को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न वार्डों के लोग मौजूद रहे।

खबर शेयर करें: