CG News: डायवर्शन के नाम पर 10 हजार रिश्वत लेते क्लर्क गिरफ्तार, ACB की SDM कार्यालय में रेड, शिकायतकर्ता से रुपए लेते रंगे हाथ पकड़ा
CG News: डायवर्शन के नाम पर 10 हजार रिश्वत लेते क्लर्क गिरफ्तार, ACB की SDM कार्यालय में रेड, शिकायतकर्ता से रुपए लेते रंगे हाथ पकड़ा
धमतरी। जिले के कुरुद स्थित एसडीएम कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने कार्यालय में पदस्थ बाबू भुवनेश्वर सूर्यवंशी को कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। कार्रवाई के बाद एसडीएम कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बन गई।
डायवर्सन के नाम पर मांगी थी रकम
मिली जानकारी के मुताबिक, एक जमीन कारोबारी की जमीन के डायवर्सन से जुड़ी फाइल कुरुद एसडीएम कार्यालय में लंबित थी। आरोप है कि फाइल आगे बढ़ाने और डायवर्सन की प्रक्रिया के लिए बाबू भुवनेश्वर सूर्यवंशी ने कारोबारी से 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बताया जा रहा है कि बातचीत के बाद 10 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। इसके बाद जमीन कारोबारी ने मामले की शिकायत एसीबी से कर दी।
रंगे हाथ पकड़ने एसीबी ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन किया और कार्रवाई की योजना बनाई। इसके तहत कारोबारी को रिश्वत की रकम लेकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही बाबू ने 10 हजार रुपये की रकम स्वीकार की, एसीबी की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम बरामद किए जाने की बात सामने आई है। एसीबी की टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कार्यालय में मचा हड़कंप
एसडीएम कार्यालय में एसीबी की कार्रवाई की खबर फैलते ही कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी बाबू से पूछताछ कर रही है और रिश्वत मामले से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई एसीबी की जांच और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर की जाएगी।