CG News: ज्वेलरी दुकान में चोरी, छत के रास्ते घुसा आरोपी, डेढ़ लाख के चांदी के गहने और आर्टिफिशियल सामान गायब
CG News: ज्वेलरी दुकान में चोरी, छत के रास्ते घुसा आरोपी, डेढ़ लाख के चांदी के गहने और आर्टिफिशियल सामान गायब
सरगुजा। अंबिकापुर के नावापारा इलाके में स्थित श्याम जी ज्वेलर्स में बीती रात चोरी हो गई। चोर छत के रास्ते दुकान में घुसा और अंदर के दरवाजे का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से करीब 700 ग्राम चांदी के आभूषण और आर्टिफिशियल ज्वेलरी लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डॉग स्क्वायड का डॉग अंबेडकर चौक तक गया, लेकिन इसके बाद रास्ता भटक गया। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली। इसमें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया है। यह पूरा मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, नावापारा स्थित श्याम जी ज्वेलर्स की संचालक निधि सोनी बीती रात दुकान बंद कर छत के कमरे में चली गई थीं। परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए। बुधवार सुबह जब वे नीचे घर का दरवाजा खोलने पहुंचे तो गली में दुकान के लिए लगे दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर दुकान में सामान बिखरा पड़ा था।
भटका डॉग स्क्वायड, एक संदिग्ध सीसी कैमरों में कैद
घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड का डॉग दुकान के बगल से होते हुए सड़क पर पहुंचा और गली के रास्ते अंबेडकर चौक तक गया। इसके बाद वह वहां भटक गया।
दुकान में CCTV कैमरा नहीं लगे होने के कारण पड़ोस में विनय स्क्रीन और पास में लाइब्रेरी के CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की गई। जांच में रात करीब दो बजे एक संदिग्ध दिखाई दिया, हालांकि उसका चेहरा स्पष्ट नहीं दिखा। शिनाख्त के लिए आसपास लगे अन्य सीसी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है।
दुकान की संचालिका निधि सोनी ने बताया कि दुकान में रखे सोने और चांदी के जेवर वे ऊपर छत में ले जाते हैं। बीती रात भी सोने और चांदी के जेवर वे ले गए थे। शो केस में चांदी के ब्रेसलेट सजे हुए थे, जिसे वे छोड़ देते थे। छत में निर्माण का काम चल रहा है, जिसके रास्ते चोर अंदर घुसा था। चांदी के ब्रेसलेट के अलावा कुछ और गहने चोरी हुए हैं। कुल चोरी करीब डेढ़ लाख रुपए की बताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।