Raigarh News: 19 सितंबर की सांस्कृतिक संध्या में नृत्य और हास्य-काव्य का संगम, शास्त्रीय नृत्य की विविध शैलियों से सजेगा मंच, पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा की हास्य-काव्य संध्या रहेगी खास आकर्षण
Raigarh News: 19 सितंबर की सांस्कृतिक संध्या में नृत्य और हास्य-काव्य का संगम, शास्त्रीय नृत्य की विविध शैलियों से सजेगा मंच, पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा की हास्य-काव्य संध्या रहेगी खास आकर्षण
रायगढ़, 18 सितम्बर 2026/ 41 वें चक्रधर समारोह में 19 सितंबर की शाम कला प्रेमियों के लिए खास होने जा रही है। इस दिन आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शास्त्रीय नृत्य की विभिन्न विधाओं की प्रस्तुतियां होंगी। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे कलाकार कथक, भरतनाट्यम, मोहिनीअट्टम और ओडिसी जैसी नृत्य शैलियों के माध्यम से मंच पर भारतीय शास्त्रीय कला की विविधता प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रात में आयोजित होने वाली काव्य संध्या होगी, जिसमें पद्मश्री सम्मानित प्रख्यात हास्य कवि श्री सुरेंद्र शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4 बजे से होगी। सबसे पहले बिलासपुर की कथक नृत्यांगना श्रीनिका प्रस्तुति देंगी। इसके बाद रायगढ़ की माही केशरवानी भरतनाट्यम तथा आद्या अग्रवाल कथक की प्रस्तुति देंगी। रायपुर की अन्विता विश्वकर्मा और आशना दिल्लीवार भी कथक की प्रस्तुत करेंगी। शाम 6 बजे से मंजुला मूर्ति मोहिनीअट्टम की प्रस्तुति देंगी। इसके बाद नई दिल्ली की रीला होता पांच कलाकारों के दल के साथ ओडिसी समूह नृत्य प्रस्तुत करेंगी। रात 8.10 बजे से ओडिशा के गौरी शंकर दाश ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति देंगे।
रात 9.20 बजे से सुरेंद्र शर्मा की काव्य संध्या
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रात 9.20 बजे से शुरू होने वाली काव्य संध्या होगी। पद्मश्री सम्मानित प्रख्यात हास्य कवि श्री सुरेंद्र शर्मा अपने छह साथी कवियों एवं कलाकारों के साथ मंच पर होंगे। हास्य और व्यंग्य से भरपूर उनकी प्रस्तुतियां देर रात तक श्रोताओं का मनोरंजन करेंगी।