Raigarh: हाथों में झाड़ू लेकर उतरे महापौर, सभापति और आयुक्त, पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड में हुआ श्रमदान

रायगढ़ September 18, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh: हाथों में झाड़ू लेकर उतरे महापौर, सभापति और आयुक्त, पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड में हुआ श्रमदान

Raigarh: हाथों में झाड़ू लेकर उतरे महापौर, सभापति और आयुक्त, पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड में हुआ श्रमदान

 

सेवा ही संकल्प अभियान 2026 के तहत चला स्वच्छता अभियान, जनप्रतिनिधियों और निगम अमले ने मिलकर की परिसर व नालियों की सफाई

रायगढ़। सेवा ही संकल्प अभियान 2026 एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम रायगढ़ द्वारा शहर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड परिसर में श्रमदान कर व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया।

अभियान में महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, पार्षद सुश्री त्रिनिशा चौहान सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने स्वयं हाथों में झाड़ू, रांपा और तसला लेकर सफाई कार्य में श्रमदान किया। इस दौरान पूरे बस स्टैंड परिसर में जमा कचरे एवं गंदगी को हटाने के साथ ही नालियों की भी सफाई कराई गई तथा निकले कचरे का तत्काल उठाव कराया गया।

स्वच्छता के लिए सहभागिता ही सबसे बड़ा संकल्प – महापौर
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर रायगढ़ के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। स्वच्छता अभियान तभी सफल होगा, जब हम सार्वजनिक स्थानों को अपने घर की तरह स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सेवा ही संकल्प अभियान के माध्यम से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे नागरिकों की दैनिक आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

श्रमदान से समाज को मिलता है स्वच्छता का सकारात्मक संदेश – सभापति

सभापति  डिग्री लाल साहू ने कहा कि श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचता है। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा स्वयं सफाई कार्य में शामिल होना नागरिकों को भी अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर केवल संसाधनों से नहीं, बल्कि नागरिकों की जिम्मेदारी और सहभागिता से बनता है।

अभियान के साथ नियमित स्वच्छता और निगरानी पर रहेगा जोर – आयुक्त
आयुक्त ल बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि सेवा ही संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शहर के विभिन्न सार्वजनिक एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित करना भी है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर नियमित सफाई के साथ-साथ नालियों की सफाई, कचरे का तत्काल उठाव और सफाई व्यवस्था की निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। आयुक्त श्री क्षत्रिय ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कचरा इधर-उधर न फेंकें, निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालें और स्वच्छता बनाए रखने में निगम का सहयोग करें।

स्वच्छता के साथ सेवा का संकल्प
पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड में आयोजित श्रमदान कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं निगम अमले की सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने मिलकर परिसर की सफाई कर स्वच्छता के साथ सेवा का संकल्प लिया। निगम द्वारा अभियान के तहत शहर के अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी स्वच्छता एवं जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां निरंतर आयोजित की जाएंगी।

अतिक्रमण पर की गई कार्रवाई
अभियान के तहत मोहल्ले की महिलाओं की शिकायत पर सड़क में अतिक्रमण कर दुकान संचालित करने वाले पर भी कार्रवाई की गई कमिश्नर श्री क्षत्रिय ने खड़े होकर जेसीबी लगवा कर सभी अतिक्रमण को हटवाया। इस दौरान अतिक्रमणकारी तीन लोगों पर 5 हजार, 5 हजार, 3500 रुपए पेनाल्टी की कार्रवाई की गई। इसी तरह परिसर के सड़कों को अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों को सख्त हिदायत दी गई कि दोबारा अतिक्रमण कर दुकान लगाने पर जुर्माना, जब्ती के साथ वैधानिक कारण की जाएगी।

खबर शेयर करें: