Raigarh News: रायगढ़ में जिला जेल में मिला दो मोबाइल, जेल प्रबंधन ने पुलिस को जांच के लिए लिखा पत्र
Raigarh News: रायगढ़ में जिला जेल में मिला दो मोबाइल, जेल प्रबंधन ने पुलिस को जांच के लिए लिखा पत्र
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला जेल में गुरुवार की शाम और रात को दो अलग-अलग मोबाइल फोन मिलने से जेल में हड़कंप मच गया। एक मोबाइल जेल की बाहरी तरफ से भीतर फेंका गया था, जबकि दूसरा मोबाइल जेल परिसर स्थित 10 बिस्तर वाले अस्पताल से बरामद किया गया। दोनों मोबाइल में सिम कार्ड लगे हुए मिले हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम जेल की सुरक्षा में तैनात प्रहरियों की नजर एक मोबाइल पर पड़ी। जांच करने पर पता चला कि मोबाइल को जेल के पीछे की ओर से बाहर से भीतर फेंका गया था। इसकी सूचना तत्काल जेल अधीक्षक को दी गई, जिसके बाद मोबाइल को जब्त कर लिया गया। इसके बाद रात में जेल के 10 बिस्तर वाले अस्पताल से भी एक मोबाइल बरामद किया गया। दोनों मोबाइल फोन में सिम कार्ड लगे होने के कारण जेल प्रबंधन ने जूटमिल पुलिस को पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से मोबाइल में लगे सिम कार्ड के धारक की जानकारी निकालने के साथ ही मोबाइल से किन-किन लोगों से बातचीत हुई, इसकी जांच कराने की मांग की गई है।
CCTV फुटेज भी खंगाला जा रहा
मोबाइल जेल के भीतर कैसे पहुंचा और इसे किसने अंदर पहुंचाया, इसकी जानकारी जुटाने के लिए जेल प्रबंधन सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रहा है।
खासकर उस स्थान के आसपास की गतिविधियों की जांच की जा रही है, जहां से मोबाइल भीतर फेंके जाने की बात सामने आई है।
जांच को लेकर पुलिस को लिखा गया पत्र
जिला जेल अधीक्षक जीएस सोरी ने बताया कि शाम को जेल के सुरक्षाकर्मियों को पीछे से फेंका गया एक मोबाइल मिला था। इसके बाद जेल के अस्पताल से दूसरा मोबाइल बरामद हुआ। दोनों मोबाइल में सिम कार्ड लगे हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। सिम किसके नाम पर है और मोबाइल से किन लोगों से बातचीत हुई है, इसकी जांच के लिए जूटमिल पुलिस को पत्र लिखा गया है।