CG News: बस स्टैंड से फिल्मी स्टाइल में गिरफ्तारी, ओडिशा पुलिस के रडार पर था हिस्ट्रीशीटर, डेढ़ घंटे रेकी कर बिछाया था जाल
CG News: बस स्टैंड से फिल्मी स्टाइल में गिरफ्तारी, ओडिशा पुलिस के रडार पर था हिस्ट्रीशीटर, डेढ़ घंटे रेकी कर बिछाया था जाल
जगदलपुर। शहर के नया बस स्टैंड में ओडिशा पुलिस ने फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। मुखबिर से मिली सूचना के बाद ओडिशा पुलिस की टीम जगदलपुर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे तक आरोपी की रेकी करने के बाद घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। आरोपी की पहचान टूना महाजन के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ ओडिशा में लूट, मारपीट, डकैती और चोरी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
मुखबिर की सूचना पर जगदलपुर पहुंची पुलिस
जानकारी के मुताबिक, ओडिशा पुलिस को आरोपी टूना महाजन के जगदलपुर में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम उसकी तलाश में जगदलपुर पहुंची। नया बस स्टैंड में आरोपी की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद पुलिसकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे तक रेकी की और मौका मिलते ही इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
लूट, डकैती और चोरी समेत कई मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी टूना महाजन ओडिशा का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ लूट, मारपीट, डकैती और चोरी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
ओडिशा पुलिस पर फायरिंग का भी आरोप
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले इसी आरोपी द्वारा ओडिशा पुलिस पर कथित तौर पर 5 राउंड फायरिंग किए जाने की जानकारी सामने आई थी। घटना के बाद से आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। इसके बाद से ही ओडिशा पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
घेराबंदी कर आरोपी को किया गिरफ्तार
आरोपी के जगदलपुर में छिपे होने की सूचना मिलने के बाद ओडिशा पुलिस ने यहां पहुंचकर उसकी तलाश शुरू की। नया बस स्टैंड में उसकी मौजूदगी की जानकारी मिलने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से निगरानी रखी और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर ओडिशा पुलिस आगे की कार्रवाई के लिए अपने साथ ले गई है। पुलिस आरोपी से जुड़े अन्य आपराधिक मामलों और हालिया घटनाओं को लेकर भी पूछताछ कर सकती है।