Raigarh: बाबा प्रियदर्शी राम जी के हाथों जन्माष्टमी मेले का शुभारंभ, 6 सितंबर तक चलेगा मेला, 300 जवानों की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे पर नजर
Raigarh: बाबा प्रियदर्शी राम जी के हाथों जन्माष्टमी मेले का शुभारंभ, 6 सितंबर तक चलेगा मेला, 300 जवानों की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे पर नजर
नयनाभिराम झांकियां कर रही है भक्तों को आकर्षित, आज से शहर में जगह-जगह होंगे भण्डारे के आयोजन
रायगढ़। शहर में बुधवार से पांच दिवसीय ऐतिहासिक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले का शुभारंभ हो गया। बनोरा वाले बाबा प्रियदर्शी राम जी ने शाम करीब 4 बजे गौरीशंकर मंदिर पहुंचकर मेले का शुभारंभ किया। इसके बाद वे श्याम मंदिर पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना के साथ आयोजन की शुरुआत हुई। शाम होते ही स्वचालित झांकियों के दर्शन के लिए शहरवासियों की भीड़ उमड़ पड़ी और देर रात तक शहर में मेले जैसा माहौल बना रहा। गौरी शंकर मंदिर झुला उत्सव के शुभारंभ के अवसर पर किरोड़ीमल ट्रस्ट के राजेश मोड़ा, मयंक मोड़ा, श्रीकांत सोमावार, महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, पंकज अग्रवाल, रवि अग्रवाल (अजंता), पूर्व पार्षद महेश कंकरवाल, अधीश रतेरिया सहित शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। दानवीर सेठ किरोड़ीमल ने 1956 में गौरीशंकर मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की शुरुआत की थी। तब से यहां भव्य जन्मोत्सव आयोजन की परंपरा चली आ रही है। मेले में छत्तीसगढ़ की संस्कृति को दर्शाने वाली विशेष झांकियां भी तैयार की गई हैं। मंदिर परिसर में लड्डू गोपाल झूला, राधा-कृष्ण झूला और वृंदावन के बांके बिहारी के दर्शन की व्यवस्था की गई है। गौरीशंकर मंदिर में भी विराट हनुमान, गणेश जी, राधा-कृष्ण सहित दर्जनों देवी-देवताओं की स्वचालित झांकियां भक्तों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
ओडिशा और एमपी से पहुंचे व्यापारी
जन्माष्टमी मेले में दुकानें लगाने के लिए आसपास के जिलों के साथ ओडिशा और मध्यप्रदेश से भी व्यापारी पहुंचे हैं। गौरीशंकर मंदिर से सिल्वर पैलेस, रामनिवास टॉकीज चौक और न्यू मार्केट तक विभिन्न प्रकार की दुकानें सजाई गई हैं। बुधवार रात तक इन दुकानों पर खरीदारों की भीड़ देखने को मिली।
300 जवान संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था मेले में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मंदिरों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार करीब 300 पुलिस जवान मेले की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालेंगे। श्याम मंदिर और गौरीशंकर मंदिर में बेरिकेटिंग की गई है। इसके अलावा जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है, ताकि असामाजिक तत्वों और चोर-उचक्कों पर नजर रखी जा सके। पुलिस अधिकारी लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
कॉपी निर्माता संघ ने लगाया दो दिवसीय निशुल्क भोजन शिविर
गौरीशंकर मंदिर मार्ग स्थित रायगढ़ कॉपी निर्माता संघ द्वारा 3 सितंबर से दो दिवसीय निःशुल्क भोजन शिविर लगाया है जो 4 सितंबर की रात्रि तक चलेगा। कॉपी निर्माता संघ द्वारा अनेक वर्षों से जन्माष्टमी मेले के अवसर पर दो दिवसीय निशुल्क भोजन शिविर का आयोजन करते आ रहा है। जहां ग्रामीण व शहरी क्षेत्र से आए लाखो श्रद्धालु इसका लाभ उठाते है।