ढिमरापुर रोड की बदहाली पर कांग्रेस का हल्ला बोल, कलेक्टर कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन
ढिमरापुर रोड की बदहाली पर कांग्रेस का हल्ला बोल, कलेक्टर कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन
महिला की सड़क हादसे में मौत के बाद उठाया मुद्दा, तीन दिन में मरम्मत और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग; मांग पूरी नहीं होने पर प्रदर्शन की चेतावनी
रायगढ़। शहर की प्रमुख ढिमरापुर रोड की बदहाल स्थिति को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और जलभराव से लोगों को हो रही परेशानी को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों ने कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो ढिमरापुर रोड पर ही विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
कांग्रेस ने बताया कि ढिमरापुर रोड लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के साथ बारिश के कारण कीचड़ और पानी जमा हो रहा है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है। रविवार को इसी सड़क पर कीचड़ के कारण स्कूटी फिसलने के बाद एक महिला ट्रक की चपेट में आ गई थी। हादसे में महिला की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद सड़क की स्थिति को लेकर सवाल और भी गंभीर हो गए हैं।
41 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत, फिर भी सड़क बदहाल
जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि ढिमरापुर रोड के निर्माण के लिए 41 करोड़ रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। नई सड़क का निर्माण शुरू होने और पूरा होने में समय लगना स्वाभाविक है, लेकिन तब तक मौजूदा सड़क को सुरक्षित रखना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि करोड़ों रुपए की नई सड़क बनने तक इंतजार करने के बजाय फिलहाल कुछ लाख रुपए खर्च कर सड़क के गड्ढों को भरने, कीचड़ हटाने और जलनिकासी की व्यवस्था करने की जरूरत है। इससे लोगों को तत्काल राहत मिल सकती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी कम किया जा सकता है।
गड्ढों की मरम्मत और जलनिकासी की मांग
कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपे आवेदन में ढिमरापुर रोड के गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने, सड़क पर जमा पानी और कीचड़ की निकासी सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके साथ ही यातायात विभाग से सड़क पर सुचारु आवागमन के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की गई है, ताकि सड़क की खराब स्थिति के कारण कोई और हादसा न हो।
तीन दिन का अल्टीमेटम, नहीं तो सड़क पर प्रदर्शन
जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि यदि इस अवधि में सड़क की मरम्मत और यातायात सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई तो जिला कांग्रेस कमेटी ढिमरापुर रोड पर ही शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी।