छत्तीसगढ़ में मानसून एक्टिव, अगले पांच दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में मानसून एक्टिव, अगले पांच दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट
रायपुर. छत्तीसगढ़ में मानसून मेहरबान है। देर रात से सुबह तक बारिश होती रही। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट पर बना कम दबाव का क्षेत्र पूरी तरह सक्रिय है। यह सिस्टम समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अगले 48 घंटों में और मजबूत होकर उत्तर ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ने का अनुमान है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक बारिश की रफ्तार बढ़ सकती है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कई स्थानों पर गरज-चमक, आकाशीय बिजली और भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
रायपुर में 31 अगस्त को आसमान में बादल छाये रहेंगे। कुछ स्थानों पर हलकी बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने सुबह 10 बजे तक कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, कोरिया और बलरामपुर में हलकी वर्षा की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में यलो अलर्ट एक्टिव है।
अगले 5 दिनों तक बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर के एक-दो जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई। प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य रही है और बारिश में सामान्य से केवल तीन प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में रघुनाथनगर और रामानुजगंज में सर्वाधिक 12-12 सेमी, राजपुर में 10 सेमी, कुसमी और चांदो में 9-9 सेमी, जनकपुर-भरतपुर और अंबिकापुर में 7-7 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा 6 सेमी बलरामपुर में, कर्तला, कोटाडोल, समरी, दरभा, गुंडरदेही, अर्जुन्दा, बालोद, गुरूर और धमतरी में 5-5 सेमी पानी गिरा। गरियाबंद, राजिम, सरागांव, कोरबा, हरदीबाजार, रतनपुर, दौरा कोचली, कांकेर, मगरलोड, कुकरेल, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर, पाली, सरौना , बड़े राजपुर में 4-4 सेमी बारिश हुई है। अधिकांश हिस्सों में इससे कम बारिश दर्ज की गई।