Raigarh: पत्नी की हत्या कर चार माह से फरार आरोपी तमिलनाडु से गिरफ्तार, शराब के नशे में पत्नी से विवाद, डंडे और पत्थर से किया हमला

रायगढ़ August 29, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh: पत्नी की हत्या कर चार माह से फरार आरोपी तमिलनाडु से गिरफ्तार, शराब के नशे में पत्नी से विवाद, डंडे और पत्थर से किया हमला

Raigarh: पत्नी की हत्या कर चार माह से फरार आरोपी तमिलनाडु से गिरफ्तार, शराब के नशे में पत्नी से विवाद, डंडे और पत्थर से किया हमला

रायगढ़, 29 अगस्त। रायगढ़ पुलिस के ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कापू पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में करीब चार माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद तमिलनाडु में छिपकर रह रहा था। गांव लौटने की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर और डंडा भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 3 जून 2026 को आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा अपनी पत्नी ननकी बाई के साथ ग्राम घोघरा बाजार चावल खरीदने गया था। वापस लौटते समय दोनों ने शराब का सेवन किया। गाड़ा घुटरा जंगल-पहाड़ी रास्ते के पास नशे की हालत में ननकी बाई रास्ते में सो गई। घर चलने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्नी के साथ हाथ-मुक्का, डंडे और पत्थर से मारपीट की। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पत्थर से पत्नी के सिर पर कई बार वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गिरफ्तारी के डर से वह तमिलनाडु भाग गया और पुलिस से बचने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं कर रहा था।

पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि

घटना के बाद कापू पुलिस ने मर्ग जांच शुरू की। मृतिका के पिता सहित प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत हॉमिसाइडल यानी हत्यात्मक प्रकृति की होना पाया गया। इसके बाद थाना कापू में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

गांव पहुंचते ही पुलिस ने दबोचा

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की को सूचना मिली कि आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा अपने गांव गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा पहुंचा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

घटनास्थल का कराया पुनर्निर्माण

पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल त्थर और लकड़ी का डंडा बरामद कर जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। इसमें थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की, चौकी प्रभारी इगेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक सोमेश गोस्वामी, लक्ष्मी कैवर तथा आरक्षक कन्हैया भगत, संजीव पटेल, अमरदीप एक्का, विभूति सिंह और दिलीप तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपी: कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा, पिता धनयुराम पहाड़ी, उम्र 29 वर्ष, निवासी गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा, थाना कापू, जिला रायगढ़।
जब्ती: घटना में प्रयुक्त पत्थर एवं डंडा।

खबर शेयर करें: