खरसिया को मिली आधुनिक तहसील भवन की सौगात, वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने किया लोकार्पण

रायगढ़ August 27, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
खरसिया को मिली आधुनिक तहसील भवन की सौगात, वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने किया लोकार्पण

खरसिया को मिली आधुनिक तहसील भवन की सौगात, वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने किया लोकार्पण

2 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से तैयार हुआ नया भवन, एक ही परिसर में मिलेंगी राजस्व, न्यायालय, निर्वाचन और नागरिक सेवाएं

खरसिया के विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए की अतिरिक्त स्वीकृति की घोषणा

रायगढ़, 27 अगस्त 2026/ खरसिया के नागरिकों को आधुनिक प्रशासनिक सुविधाओं की बड़ी सौगात मिली। छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने बुधवार को खरसिया के नवनिर्मित संयुक्त तहसील भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के समक्ष दीप प्रज्वलन, वंदे मातरम् और राजगीत के साथ हुआ। इस अवसर पर वित्त मंत्री ने परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अशोक का पौधा भी रोपा। नवनिर्मित तहसील भवन 2 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से पूर्ण हुआ है। दो मंजिला इस भवन में तहसील प्रशासन से जुड़े विभिन्न कार्यालय, न्यायालय कक्ष और नागरिक सेवाओं की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। इससे खरसिया सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। मौके पर कर्मा दलों ने वित्त मंत्री का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया।

एक ही परिसर में मिलेंगी प्रमुख प्रशासनिक सुविधाएं

भवन में एसडीएम एवं तहसीलदार न्यायालय और कार्यालय, नायब तहसीलदार कक्ष, कानूनगो शाखा, भू-अर्जन शाखा, निर्वाचन शाखा, भुइयां शाखा, अभिलेखागार, केंद्रीय रिकॉर्ड रूम, सेवा सेतुध्लोक सेवा केंद्र, ट्रेजरी कार्यालय, सब-रजिस्ट्रार कार्यालय, खाद्य निरीक्षक एवं आपदा प्रबंधन कक्ष सहित विभिन्न सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके अलावा मीटिंग हॉल, निर्वाचन स्ट्रांग रूम, ट्रेजरी स्ट्रांग रूम और अधिवक्ताओं के लिए कक्ष की भी व्यवस्था है। दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए रैम्प तथा महिला एवं पुरुष प्रसाधन की व्यवस्था भी की गई है। जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे ने बताया कि नए तहसील भवन के निर्माण से हजारों नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और पत्रकारों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।

जनता के जीवन में बदलाव लाने वाला काम होना चाहिए

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि ऐसे काम करना होना चाहिए, जिनसे जनता के जीवन में वास्तविक बदलाव आए। उन्होंने कहा कि खरसिया में विकास कार्यों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने खरसिया क्षेत्र में विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि की व्यवस्था/स्वीकृति कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर प्राथमिकता वाले कार्य तय किए जाएंगे, ताकि खरसिया में और बेहतर विकास कार्य किए जा सकें। वित्त मंत्री ने खरसिया के निर्माणाधीन आरओबी को भी महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए कहा कि लगभग 67 करोड़ रुपए की लागत वाले आरओबी का निर्माण पूर्ण कराकर जनता को उसके उपयोग की सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर जनता के हित में काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने खरसिया में नगरपालिका द्वारा किए जा रहे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, यूथ कॉम्प्लेक्स और अन्य विकास कार्यों की भी सराहना की। साथ ही कुसमुरा में कॉलेज भवन के निर्माण कार्य को पूर्ण कराकर लोकार्पण कराने की बात कही।

सांसद ने कहा-न्याय और सुविधाओं की राह होगी आसान

रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने नए तहसील भवन के लिए वित्त मंत्री एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खरसिया में आम जनता के लिए इतना व्यवस्थित और आधुनिक तहसील कार्यालय उपलब्ध होना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए भवन से लोगों के प्रशासनिक एवं राजस्व संबंधी कार्य अधिक सुगमता से होंगे और उन्हें बेहतर न्याय एवं सेवाएं मिलेंगी। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रवीन्द्र गबेल ने नए तहसील भवन के लोकार्पण पर क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। नगर पालिका अध्यक्ष श्री कमल गर्ग ने इसे खरसिया के लिए उत्सव का दिन बताते हुए कहा कि नए भवन से पिछले वर्षों से चली आ रही प्रशासनिक कार्यालय की असुविधाएं दूर होंगी। उन्होंने खरसिया में आरओबी, नालंदा परिसर, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और यूथ कॉम्प्लेक्स सहित विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख किया।

अधिवक्ता संघ ने किया स्वागत

खरसिया अधिवक्ता संघ द्वारा भी वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी का स्वागत किया गया। संघ ने कहा कि आधुनिक और सुव्यवस्थित तहसील भवन मिलने से अधिवक्ताओं के साथ-साथ राजस्व एवं न्यायालयीन कार्यों के लिए आने वाले नागरिकों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी। संघ ने भवन के लिए वित्त मंत्री एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी दिलीप राठिया, जनपद पंचायत सदस्य बलदेव कुर्रे, श्रीमती सतबाई छोटेलाल, गिरधर गुप्ता, गोपाल शर्मा, महेश साहू, डॉ. हितेश गबेल, सनत नायक, विजय शर्मा, एसडीएम श्री प्रवीण भगत सहित जनप्रतिनिधि, अधिवक्ता, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में एसडीएम खरसिया द्वारा अतिथियों एवं उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

खबर शेयर करें: