रायगढ़ में दो अलग-अलग चोरी की वारदात, बाइक की डिक्की से 40 हजार और घर से 1 लाख रुपये पार
रायगढ़ में दो अलग-अलग चोरी की वारदात, बाइक की डिक्की से 40 हजार और घर से 1 लाख रुपये पार
रायगढ़। रायगढ़ जिला में दो अलग-अलग चोरी की घटनाएं घटित हुई है। जिसमें अज्ञात चोर ने बाइक की डिक्की से मौका पाकर उसमें रखे 40 हजार को पार कर दिया, तो दूसरे मामले में घर में रखे 1 लाख कैश की चोरी कर फरार हो गया। घटना के बाद मामले की सूचना पर संबंधित पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।
पहला मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। जहां ग्राम रूडूकेला निवासी रामानंद भगत 60 साल ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह ग्राम कोटवार मदन चौहान के साथ अपनी बाइक पर सवार होकर लैलूंगा अपेक्सा बैंक रुपये निकालने के लिए गया था।
जहां से उसने 49 हजार रुपये को आहरण कर 9 हजार जेब में रखने के बाद 40 हजार रुपये को अपनी बाइक की डिक्की में रखकर वापस घर जाने के लिए निकला। डिक्की मे रुपये के अलावा अपैक्स बैंक का पासबुक, एटीएम कार्ड व अन्य दस्तावेज थे।
घर जाने के दौरान वह बुधवारी बाजार में दवाई खरीदने के लिए रूका और उसके बाद आगे बढ़ने पर रूडूकेला के पास पानी गिरने के कारण दोनों होटल के पास नाश्ता करने के लिए रूक गए।
घटना की सूचना के बाद लैलूंगा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की
बाइक की डिक्की का ताला टूटा मिला नाश्ता करने के बाद रामानंद व कोटवार वापस बाइक से गांव पहुंचे और जब रामानंद ने अपनी बाइक की डिक्की को देखा तो उसका ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे रुपये गायब थे।
जिसके बाद उसने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराया। जहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
घर से 1 लाख नगद की चोरी दूसरा मामला तमनार थाना क्षेत्र का है। जहां ग्राम कुंजेमुरा का रहने वाला तेज कुमार खेस 49 साल घर से एक लाख रुपये व चेक बुक लेकर जमीन रजिस्ट्री कराने के लिए घरघोड़ा गया था।
रजिस्ट्री नहीं होने वापस घर पहुंचा और नगद 1 लाख व चेक बुक को प्लास्टिक में लपेट कर टीन पेटी के अंदर रखकर ताला लगा दिया था और चांबी को पेटी के बगल में छुपाकर रखा था।
सोमवार को वह गांव के मोतीलाल लकडा को 200 रुपये उधार देने के लिए जब पेटी को खोला तो उसने देखा कि उसमें 1 लाख रुपये नहीं है। इसके बाद उसने अपने परिवार के लोगों से पूछताछ की और चोरी का पता लगाने लगा, लेकिन कुछ पता नहीं चलने पर उसने बुधवार को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराया। जहां पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।