कुनकुरी में मोबाइल दुकान का शटर काटकर 150 मोबाइल चोरी, झारखंड से एक आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ August 26, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
कुनकुरी में मोबाइल दुकान का शटर काटकर 150 मोबाइल चोरी, झारखंड से एक आरोपी गिरफ्तार

कुनकुरी में मोबाइल दुकान का शटर काटकर 150 मोबाइल चोरी, झारखंड से एक आरोपी गिरफ्तार

 

कुनकुरी। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान का शटर काटकर करीब 150 मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसके पास चोरी किए गए मोबाइल फोन होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, कुनकुरी स्थित कठौतिया मोबाइल शॉप के संचालक पंकज कुमार पारिक ने 12 अगस्त 2026 को थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 11 अगस्त की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह एक बैंक कर्मचारी ने दुकान का शटर खुला होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर दुकान के दोनों ताले कटे मिले और अंदर रखे मोबाइल के डिब्बे अस्त-व्यस्त थे। जांच में करीब 150 मोबाइल हैंडसेट गायब मिले।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर कुनकुरी थाने में अपराध क्रमांक 148/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि वारदात को दो लोगों ने मिलकर अंजाम दिया था। घटनास्थल के पास स्थित एक होटल में दो संदिग्धों के खाना खाने और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने की जानकारी भी पुलिस को मिली।

सीसीटीवी फुटेज, होटल से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों का मिलान करने के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान तौसीफ रजा (35) निवासी मुर्गीटोली, मध्य नारायणपुर, थाना राजमहल, जिला साहेबगंज, झारखंड के रूप में की।

झारखंड पहुंची विशेष पुलिस टीम

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम झारखंड रवाना हुई। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने तौसीफ रजा को हिरासत में लिया और उसे कुनकुरी थाना लाया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी काफी समय से मोबाइल दुकानों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे और झारखंड से निकलकर ओडिशा, आंध्रप्रदेश तथा छत्तीसगढ़ के अलग-अलग स्थानों पर दुकानों की रेकी कर रहे थे।

शटर के ताले काटकर बैग में भरे मोबाइल

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि दोनों ने कुनकुरी की कठौतिया मोबाइल शॉप को चोरी के लिए चिन्हित किया था। वारदात की रात दोनों दुकान के पीछे पहुंचे और औजार की मदद से शटर में लगे दोनों ताले काट दिए। दुकान में घुसकर बिक्री के लिए रखे मोबाइल फोन पिट्ठू बैग में भरकर फरार हो गए।

कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने मोबाइल के कवर और डिब्बे अलग कर झाड़ियों में फेंक दिए और केवल हैंडसेट अपने साथ रखे। इसके बाद दोनों बस से वहां से फरार हो गए।

चोरी के मोबाइल फरार आरोपी के पास

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए मोबाइल फोन उसके दूसरे साथी के पास हैं। पुलिस ने दूसरे आरोपी की पहचान कर ली है, लेकिन वह फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी और करीब 150 चोरी किए गए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी तौसीफ रजा के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया पिट्ठू बैग और उसका मोबाइल हैंडसेट जब्त किया है। विवेचना में उसकी संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

मामले की कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक राकेश यादव, निरीक्षक गौरव पांडे, उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर प्रसाद वारले, पीएसआई देविका मंडावी, नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक चंद्र शेखर बंजारे एवं आरक्षक नंदलाल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी किए गए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। मामले की विवेचना जारी है।

खबर शेयर करें: