Khairagarh News: शादी के बाद टूटा पढ़ाई का सपना, दहेज प्रताड़ना से भी थी परेशान… नवविवाहिता ने उठाया खौफनाक कदम
Khairagarh News: शादी के बाद टूटा पढ़ाई का सपना, दहेज प्रताड़ना से भी थी परेशान… नवविवाहिता ने उठाया खौफनाक कदम
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ से नवविवाहिता की मौत का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस जांच में दहेज प्रताड़ना और पढ़ाई जारी रखने से रोकने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान महिला ने घर के टॉयलेट में खुद को आग लगा ली। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने उसके पति अजय बघेल (30) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
शादी के कुछ महीने बाद ही शुरू हो गई थी कथित प्रताड़ना
पूरा मामला खैरागढ़ थाना क्षेत्र के टेकापार खुर्द गांव का है। पुलिस के मुताबिक मृतिका की शादी 24 फरवरी 2025 को अजय बघेल के साथ हुई थी।
आरोप है कि शादी के करीब दो-तीन महीने बाद से ही महिला को मोटरसाइकिल और नकद राशि की मांग को लेकर परेशान किया जाने लगा। परिजनों ने मारपीट किए जाने का आरोप भी लगाया है।
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई कि सगाई के दौरान मिले आभूषण पति ने अपने पास रख लिए थे।
शादी के बाद पढ़ाई जारी रखने का सपना भी टूटा
परिजनों के अनुसार, शादी के समय महिला की पढ़ाई जारी रखने की बात तय हुई थी। वह D.Ed. की पढ़ाई करना चाहती थी, लेकिन बाद में पति ने उसे पढ़ाई करने से कथित तौर पर मना कर दिया।
पुलिस के अनुसार, दहेज को लेकर कथित प्रताड़ना और पढ़ाई जारी रखने को लेकर बने दबाव के कारण महिला मानसिक रूप से परेशान थी।
22 अगस्त को घर में उठाया खौफनाक कदम
बताया गया कि 22 अगस्त को महिला ने खुद को घर के बाथरूम में बंद कर लिया और खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली।
घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की सूचना के बाद खैरागढ़ थाने में अपराध क्रमांक 324/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 और 85 के तहत कार्रवाई शुरू की।
आरोपी पति गिरफ्तार, जेल भेजा गया
जांच के दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर आरोपी पति अजय बघेल को 24 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।