Sarangarh News: सरपंच चुनाव की हार के पुराने विवाद में प्राणघातक हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 अगस्त 2026। भटगांव पुलिस ने प्राणघातक हमला कर हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला ग्राम सलौनीखुर्द का है, जहां सरपंच चुनाव में हार और पुराने विवाद को लेकर एक परिवार के साथ विवाद के बाद मारपीट और टांगी से हमला करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को ग्राम सलौनीखुर्द निवासी सत्यनारायण यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने भाई गोपीचंद और मां के साथ घर में खाना खा रहा था। इसी दौरान गांव के रवि यादव और गनपत यादव वहां पहुंचे और सरपंच चुनाव में हारने की बात को लेकर पुराने विवाद के चलते गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि दोनों आरोपी हरा बाई उर्फ सोनाई बाई यादव के घर में घुस गए और प्रार्थी की मां के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। मारपीट के दौरान प्रार्थी की मां बेहोश हो गई। वहीं, रवि यादव ने कथित रूप से टांगी से प्रार्थी पर हमला कर उसके सिर में चोट पहुंचाई तथा जान से मारने की धमकी दी।
प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने धारा 333, 296, 351(3), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी उप निरीक्षक शिवकुमार धारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में रवि कुमार यादव (29 वर्ष), पिता स्व. सुदर्शन यादव तथा हरा बाई उर्फ सोनाई बाई यादव (56 वर्ष), पति स्व. सुदर्शन यादव, दोनों निवासी ग्राम सलौनीखुर्द, थाना मटगांव, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।