छत्तीसगढ़

CG News: नेशनल हाईवे के बीचों-बीच खड़ा हो गया जंगली हाथी, वाहनों की लगी लंबी कतार, घंटों थमा रहा ट्रैफिक

 कोरबा। कोरबा के कटघोरा वन मंडल क्षेत्र में जंगली हाथियों का मूवमेंट लगातार बढ़ता जा रहा है। अब हाथियों की मौजूदगी केवल जंगल और खेतों तक सीमित नहीं रही, बल्कि वे नेशनल हाईवे तक पहुंचने लगे हैं। ताजा मामला चोटिया-चिरमिरी मार्ग का है, जहां एक जंगली हाथी ने हाईवे पर डेरा डाल दिया, जिससे हड़कंप मच गया और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।















नेशनल हाईवे पर अचानक जंगली हाथी खड़ा हुआ
जानकारी के अनुसार, चोटिया-चिरमिरी नेशनल हाईवे पर अचानक एक विशाल जंगली हाथी सड़क के बीचों-बीच आकर खड़ा हो गया। हाईवे पर तेज रफ्तार से दौड़ रहे वाहनों के सामने अचानक हाथी को देखकर चालकों ने तुरंत ब्रेक लगा दिए। हाथी जब वाहनों की तरफ बढ़ने लगा तो वहां अफरा-तफरी मच गई।

सड़क पर ही वाहन छोड़कर भागे बाइक सवार और कार चालक
डर के कारण कई बाइक सवार और कार चालक अपने वाहन सड़क पर ही छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भाग गए। देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। करीब घंटों तक यातायात बाधित रहा। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने हाथी का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला और हाथी मित्र दल मौके पर पहुंचा। वनकर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए यातायात को नियंत्रित किया और लोगों को हाथी के नजदीक नहीं जाने की हिदायत दी। सुरक्षा को देखते हुए सड़क पर अस्थायी बैरिकेडिंग की गई और हाथी को धीरे-धीरे जंगल की ओर मोड़ने का प्रयास किया गया। काफी मशक्कत के बाद हाथी जंगल की ओर लौटा, तब जाकर यातायात बहाल हो सका।

बता दें कि, पिछले कुछ महीनों से कटघोरा वन मंडल में हाथियों की सक्रियता बढ़ी हुई है। कभी जंगल, कभी खेत और कभी नदी किनारे हाथियों को देखा जा रहा है। इससे आसपास के ग्रामीणों और किसानों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों ने पहले भी फसलों और घरों को नुकसान पहुंचाया है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी दिखने पर उसके करीब न जाएं और तुरंत विभाग को सूचना दें।







raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।






Back to top button