रायगढ़ में खाद्य विभाग की कार्रवाई: देवा स्वीट्स में दूध पाउडर-वनस्पति तेल से बनी मिठाइयां मिलीं, ममता फाइन डाइन के फ्रीजर में वेज-नॉनवेज साथ रखा, संचालको को नोटिस जारी

रायगढ़। शहर के होटल और रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन की जांच के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सोनूमुड़ा स्थित देवा स्वीट्स में दूध की जगह दूध पाउडर और वनस्पति तेल से पेड़ा, चमचम सहित अन्य मिठाइयां तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई। वहीं सुभाष चौक स्थित ममता फैमली फाइन डाइन रेस्टोरेंट में एक ही फ्रीजर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री रखी मिली। दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों को नोटिस जारी किया गया है।
देवा स्वीट्स में 22,500 रुपये की खाद्य सामग्री जब्त
खाद्य विभाग की टीम ने सोनूमुड़ा स्थित देवा स्वीट्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पेड़ा, चमचम और अन्य मिठाइयों को दूध की जगह दूध पाउडर एवं वनस्पति तेल से तैयार किए जाने की बात सामने आई। इसके अलावा मिठाइयों के पैकेट पर निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और पता जैसी आवश्यक जानकारियां भी अंकित नहीं मिलीं।
टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 15 पेटियों में रखी लगभग 22,500 रुपये कीमत की खाद्य सामग्री जब्त की। प्रतिष्ठान संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा से संबंधित सभी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए 15 दिन का समय देते हुए नोटिस जारी किया गया है।
एक ही फ्रीजर में रखे मिले वेज और नॉनवेज
सुभाष चौक स्थित ममता फैमली फाइन डाइन रेस्टोरेंट में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई में कमी पाई गई। सबसे अहम बात यह रही कि यहां शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री एक ही फ्रीजर में रखी मिली।
खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर संचालक को नोटिस जारी किया गया। टीम ने रेस्टोरेंट से तेल-ग्रेवी वेज का नमूना भी लिया है, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा।
अलंकार होटल से तीन खाद्य पदार्थों के सैंपल
खाद्य विभाग की टीम ने अलंकार होटल का भी निरीक्षण किया। यहां गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर बेसन पापड़ी, बूंदी लड्डू और कलाकंद के नमूने लिए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य कारोबारियों को दिए नियमों के पालन के निर्देश
कार्रवाई के दौरान अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल और नमूना सहायक सुमन अग्रवाल मौजूद रहे।
अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी ने बताया कि खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने, शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने, खाद्य सामग्री के लिए अखबार के कागज का इस्तेमाल नहीं करने तथा आवश्यक खाद्य लाइसेंस बनवाने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
हेल्पलाइन पर कर सकते हैं शिकायत
खाद्य सामग्री की गुणवत्ता या खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन से संबंधित शिकायत के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की हेल्पलाइन 9340597097 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।