रायगढ़ के रामलीला मैदान में गूंजा -‘ऊं नमः शिवाय, ‘उज्जैन के सन्नी अलबेला जी के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
रायगढ़ के रामलीला मैदान में गूंजा -‘ऊं नमः शिवाय, ‘उज्जैन के सन्नी अलबेला जी के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
रायगढ़। शहर के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित अखंड ‘ॐ नमः शिवाय’ जाप एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान पूरा रामलीला मैदान शिवमय नजर आया। उज्जैन से पहुंचे सुप्रसिद्ध भजन गायक सन्नी अलबेला ने अपनी सुमधुर आवाज और ऊर्जावान प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
अखंड जाप से शिवमय हुआ वातावरण
कार्यक्रम के दूसरे दिन सुबह से ही रामलीला मैदान में अखंड ‘ॐ नमः शिवाय’ जाप की गूंज सुनाई देती रही। मंत्रोच्चार से पूरे पंडाल का वातावरण भक्तिमय हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जाप में शामिल होकर भगवान शिव की आराधना की।
सन्नी अलबेला के भजनों पर झूमे भक्त
शाम को भजन संध्या में उज्जैन के ‘महाकाल सरकार’ फेम सन्नी अलबेला ने मंच संभाला। उन्होंने महाकाल और भगवान शिव को समर्पित एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की धुन पर श्रद्धालु भक्ति भाव में झूमते और थिरकते नजर आए। पूरे मैदान में हर-हर महादेव और जय श्री महाकाल के जयकारे गूंजते रहे।
उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
कार्यक्रम में रायगढ़ शहर के साथ आसपास के अंचलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देर रात तक रामलीला मैदान में भक्तों की भीड़ बनी रही। श्रद्धालुओं ने भजन संध्या का आनंद लेने के साथ भगवान शिव की आराधना की।
आयोजन समिति ने की बेहतर व्यवस्था
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल और भोजन-प्रसाद सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं आयोजन समिति की ओर से की गई थीं। व्यवस्थाओं के चलते पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न हुआ।
देर रात महाआरती और महाप्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। सन्नी अलबेला ने भी आयोजन समिति के सदस्यों की व्यवस्थाओं और आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले नगरवासियों, श्रद्धालुओं, युवाओं, स्वयंसेवकों तथा पुलिस-प्रशासन के प्रति आयोजन समिति के सदस्यों ने आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी और उत्साह ने इस धार्मिक आयोजन को यादगार बना दिया।