Raigarh News: केलो डैम के 4 गेट खोले गए, लगातार बारिश से केलो नदी का बढ़ा जलस्तर

रायगढ़।छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पिछले करीब 24 घंटे से अधिक समय से हल्की व मध्यम बारिश हो रही है। ऐसे में केलो डैम में जलभराव को देखते हुए सोमवार की रात को उसके 4 गेट को खोले गए हैं। जिससे केलो नदी का भी जलस्तर बढ़ गया है। यही नहीं जलभराव को लेकर निगम प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है।
रविवार की रात से रूक-रूक कर बारिश शुरू हुई और सोमवार को दिन भर हल्की व मध्यम बारिश होते रही। वहीं धरमजयगढ़, कापू, छाल, तमनार व लैलूंगा की ओर भी अच्छी बारिश होने लगी।
ऐसे में केलो डैम में जलभराव होने लगा। जिसे देखते हुए केलो परियोजना के द्वारा सोमवार की रात को केलो डैम के 4 गेट को खोल दिए गए।
बताया जा रहा है कि डैम में अभी 180 क्यूमेक पानी है और डैम का अधिकतम जलभराव स्तर 233.00 मीटर है।
ऐसे में लगातार इस पर संबंधित विभाग द्वारा मानिटरिंग भी की जा रही है। डैम का 4 गेट खोल देने से केलो नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है।
वहीं लगातार बारिश को देखते हुए निगम आयुक्त ने समय सीमा की बैठक में आपदा प्रबंधन एवं जलभराव की स्थिति पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई।
उन्हेांने आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बनाए रखें और पूर्व से चिन्हित जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष रूप से नजर रखें।
जिले में 718 मिमी औसत वर्षा दर्ज जिले में 17 अगस्त तक 718 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 से अब तक जिले के रायगढ़ तहसील में 845.1 मिली मीटर, पुसौर में 701, खरसिया में 606.9, घरघोड़ा में 542.0, तमनार में 979.4, लैलूंगा में 608.8, मुकडेगा में 547.5, धरमजयगढ़ में 473.6, छाल में 877.0 एवं कापू में 998.3 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई है।
लगातार मानिटरिंग की जा रही इस संबंध केलो परियोजना कार्यपालन अभियंता एमके गुप्ता ने बताया कि लगातार बारिश के कारण डैम में जलभराव को देखते हुए 4 गेट खोले गए हैं।
वर्तमान में इसमें 180 क्यूमेक पानी है और लगातार इसकी मानिटरिंग की जा रही है। पूर्व में भी जब अच्छी बारिश हुई तो उस दौरान भी केलो डैम के गेट खोले गए थे।