रायगढ़

Raigarh News: मोबाइल टावर से कॉपर वायर चोरी का खुलासा, युवक और चोरी का माल खरीदने वाली महिला गिरफ्तार

 







रायगढ़। तमनार पुलिस ने मोबाइल टावर से एयरटेल और जियो कंपनी के कॉपर केबल वायर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक युवक और चोरी का माल खरीदने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 किलो कॉपर वायर और 200 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी धनुंजय की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 12 अगस्त 2026 को ALTIUS मोबाइल टावर कंपनी के क्लस्टर इंजीनियर राहुल तिवारी ने तमनार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। केलो विहार तमनार स्थित मोबाइल टावर में साइट डाउन का अलार्म मिलने के बाद टेक्नीशियन चंद्रसेन कुर्रे को मौके पर भेजा गया। जांच में पता चला कि अज्ञात चोर टावर में लगे एयरटेल और जियो कंपनी के करीब 50-60 मीटर कॉपर केबल वायर, जिसकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये थी, काटकर ले गए हैं।

रिपोर्ट पर तमनार थाने में अपराध क्रमांक 202/2026, धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मुखबिर की सूचना पर आरोपी पकड़ाया

थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने मुखबिरों को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि कुधरीखार निवासी शिवम सिदार चोरी की ऐसी घटनाओं में शामिल रहता है। पुलिस ने उसके घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।







पूछताछ में शिवम ने अपने साथी धनुंजय के साथ मिलकर मोबाइल टावर से कॉपर वायर चोरी करना स्वीकार किया। उसने यह भी बताया कि चोरी का माल कुधरीखार निवासी शांति प्रजा को बेचा था। आरोपी के कब्जे से 200 रुपये नकद बरामद किए गए।

इसके बाद पुलिस ने शांति प्रजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। महिला ने शिवम और धनुंजय से चोरी का कॉपर वायर खरीदना स्वीकार किया। उसके कब्जे से करीब 2 किलो कॉपर वायर बरामद कर जब्त किया गया। चोरी का माल जानबूझकर खरीदने की पुष्टि होने पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस विस्तारित की गई।

दोनों आरोपियों को 13 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपी धनुंजय की तलाश में पुलिस टीम लगातार जुटी हुई है।

गिरफ्तार आरोपी
शिवम सिदार, पिता हेमसागर सिदार, उम्र 26 वर्ष, निवासी कुधरीखार, तमनार, रायगढ़।
शांति प्रजा, पिता जशकारण प्रजा, उम्र 49 वर्ष, निवासी कुधरीखार, तमनार, रायगढ़।

आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर, प्रधान आरक्षक हेम प्रकाश सोन, महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत, आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार, रंजीत भगत और पुष्पेन्द्र सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button