Raigarh: जिले के सभी आदि सेवा केंद्रों में होंगे 13 से जनसुनवाई एवं संतृप्ति शिविर, तीन दिवसीय शिविर में जनजातीय समुदाय तक शासन की योजनाओं और सेवाओं की पहुंच होगा सुनिश्चित

प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने अधिकारियों द्वारा सेवा केंद्रों का किया जाएगा निरीक्षण
स्वतंत्रता दिवस पर होंगे विशेष आयोजन
आदि सेवा स्वयंसेवकों की रहेगी महत्वपूर्ण भूमिका
रायगढ़, 12 अगस्त 2026/ आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत जिले के सभी आदि सेवा केंद्रों में 13 से 15 अगस्त 2026 तक जनसुनवाई एवं संतृप्ति शिविरों का आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा 11 अगस्त को जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित होने वाले इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण एवं जनजातीय समुदाय तक शासन की योजनाओं और सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभान्वित करना है।
तीन दिवसीय शिविरों में नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई कर उनके निराकरण की कार्यवाही की जाएगी। साथ ही पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें संबंधित शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने तथा विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शिविरों में संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि नागरिकों को एक ही स्थान पर अधिक से अधिक शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिल सके।
आदि सेवा स्वयंसेवकों की रहेगी महत्वपूर्ण भूमिका
शिविरों के प्रभावी संचालन में आदि सेवा स्वयंसेवकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। स्वयंसेवक ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को शिविरों की जानकारी देने, पात्र हितग्राहियों की पहचान करने, आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में मार्गदर्शन देने तथा उन्हें संबंधित विभागीय सेवाओं तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे। इससे दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया को और सुगम बनाया जा सकेगा।
स्वतंत्रता दिवस पर होंगे विशेष आयोजन
15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी आदि सेवा केंद्रों में ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान सहित स्वतंत्रता दिवस से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही आदि सेवा केंद्रों को जनभागीदारी एवं सामुदायिक सहभागिता के प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
अधिकारियों द्वारा केंद्रों का किया जाएगा निरीक्षण
अभियान के तहत संचालित गतिविधियों की गुणवत्ता एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित अधिकारियों द्वारा आदि सेवा केंद्रों का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जनसुनवाई, हितग्राही संतृप्ति, विभागीय सहभागिता, आदि सेवा स्वयंसेवकों की सक्रियता तथा निर्धारित अन्य गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी शिविरों के दौरान आयोजित गतिविधियों की जनपद स्तर पर पोर्टल में समयबद्ध एंट्री एवं रिपोर्टिंग की जाएगी। जिला स्तर से पोर्टल पर दर्ज गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग एवं समीक्षा की जाएगी, जिससे अभियान के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति का प्रभावी मूल्यांकन किया जा सके।
जिला प्रशासन एवं आदिवासी विकास विभाग ने संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा आदि सेवा स्वयंसेवकों से निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए 13 से 15 अगस्त तक आयोजित जनसुनवाई एवं संतृप्ति शिविरों को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं से लाभान्वित करने की अपील की है।