Raigarh News: मवेशी तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई, 70-80 मवेशियों से भरा ट्रक जब्त, तस्कर वाहन छोड़कर भागे

रायगढ़। रायगढ़ जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। एसएसपी के निर्देश पर धरमजयगढ़ पुलिस ने बीती रात घेराबंदी कर मवेशियों से भरे ट्रक और एक बाइक को जब्त किया। पुलिस को देखकर तस्कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 1 बजे सूचना मिली थी कि छाल रोड पर कीदा से पुरूंगा के बीच बड़ी संख्या में मवेशियों की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी शुरू की।
पुलिस ने ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक और बाइक छोड़कर फरार हो गए। तलाशी लेने पर ट्रक में करीब 70-80 मवेशी मिले। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाने में खड़ा कराया है।
तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी
धरमजयगढ़ थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने बताया कि सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई थी। तस्कर वाहनों को छोड़कर भाग गए। ट्रक में करीब 70-80 मवेशी मिले हैं। इन्हें कहां से लाया गया था और कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई करेगी।