शोकसंदेश: दिनशा आइसक्रीम के संचालक अजय गुप्ता जी का स्वर्गवास, कल सुबह 10 बजे कृष्णा विहार कॉलोनी से निकलेगी अंतिम यात्रा

रायगढ़, 4 अगस्त। शहर के सुभाष चौक स्थित प्रतिष्ठित दिनशा आइसक्रीम के संचालक एवं जाने-माने व्यवसायी अजय गुप्ता का मंगलवार को निधन हो गया। वे 69 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से शहर के व्यापारिक जगत और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
अजय गुप्ता अपने पीछे तीन पुत्र अभिनव गुप्ता, अभिषेक गुप्ता और भरत गुप्ता, एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी अंतिम यात्रा बुधवार सुबह 10 बजे कृष्णा विहार कॉलोनी, मकान नंबर-100 स्थित निवास से निकलेगी। इसके बाद कयाघाट मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अजय गुप्ता शहर के उन अग्रणी व्यवसायियों में शामिल थे, जिन्होंने करीब चार दशक पहले उस दौर में दिनशा आइसक्रीम को नई पहचान दिलाई, जब आइसक्रीम संस्कृति शहर में शुरुआती दौर में थी। अपनी मेहनत, लगन और ग्राहकों के प्रति आत्मीय व्यवहार के दम पर उन्होंने दिनशा आइसक्रीम को रायगढ़ का एक लोकप्रिय और भरोसेमंद ब्रांड बनाया। उनके प्रतिष्ठान पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रहती थी।
वे अपने मिलनसार, सरल और विनम्र स्वभाव के लिए भी जाने जाते थे। उनके चेहरे पर हमेशा मुस्कान रहती थी और हर वर्ग के लोगों से उनका आत्मीय संबंध था। वे भाजपा के वरिष्ठ एवं दिवंगत नेता स्वर्गीय रतनलाल गुप्ता के ज्येष्ठ पुत्र थे।
अजय गुप्ता के निधन से न केवल व्यापारिक जगत बल्कि उनके वर्षों पुराने ग्राहकों, शुभचिंतकों और परिचितों में भी गहरा शोक व्याप्त है। शहर के अनेक सामाजिक, व्यावसायिक और राजनीतिक लोगों ने उनके निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।