छत्तीसगढ़

जशपुर पुलिस ने 21.5 किलो गांजा किया जब्त, तस्कर कार छोड़कर फरार

 







जशपुर। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना पत्थलगांव क्षेत्र में पुलिस ने एक टाटा नेक्सन कार से 21 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। हालांकि पुलिस का पीछा करने के दौरान आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 3 अगस्त की सुबह करीब 4:30 बजे पत्थलगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि टाटा नेक्सन कार (UP-54-AF-7976) में भारी मात्रा में गांजा भरकर रैरूमा-लैलूंगा की ओर से पत्थलगांव होते हुए अंबिकापुर ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने इंदिरा चौक के पास नाकाबंदी की। संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज रफ्तार से भगाकर फरार होने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा किया। इस दौरान कदम घाट के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद तस्कर वाहन छोड़कर मौके से भाग निकले।

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में कार की तलाशी ली, जिसमें डिक्की में रखे तीन बैगों से पीले टेप से लिपटे 11 पैकेट बरामद हुए। जांच में इनमें 21 किलो 500 ग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने गांजे के साथ घटना में प्रयुक्त टाटा नेक्सन कार भी जब्त कर ली है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये है। इस तरह मामले में कुल 16 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। कार से कुछ दस्तावेज, जिनमें आधार कार्ड भी शामिल हैं, बरामद हुए हैं। इनके आधार पर फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।







इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, सहायक उपनिरीक्षक लखेश साहू, प्रधान आरक्षक चंद्र विजय साय, आरक्षक आलोक मिंज, अजय कुजूर और राजेंद्र रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन आघात के तहत नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button