Sarangarh News: उड़ीसा से गांजा लेकर आ रहे तस्कर को पुलिस ने दबोचा, 3.60 लाख का सामान जब्त

रायगढ़ August 1, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
Sarangarh News: उड़ीसा से गांजा लेकर आ रहे तस्कर को पुलिस ने दबोचा, 3.60 लाख का सामान जब्त

Sarangarh News: उड़ीसा से गांजा लेकर आ रहे तस्कर को पुलिस ने दबोचा, 3.60 लाख का सामान जब्त

 

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 01 अगस्त 2026। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना सरिया पुलिस ने उड़ीसा से कार के जरिए अवैध गांजा लेकर आ रहे एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गांजा, कार और मोबाइल सहित 3 लाख 60 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की वैगनआर कार (CG 10 NB 5290) में सवार एक व्यक्ति उड़ीसा के कुमो से ग्राम केनाभांठा और कंठीपाली के रास्ते सारंगढ़ की ओर अवैध गांजा लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम कंठीपाली अटल चौक के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कार को रोककर चालक से पूछताछ की गई। उसने अपना नाम गोपाल साहू (27 वर्ष), निवासी ग्राम कपिस्दा ‘ब’, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ बताया। तलाशी लेने पर कार की बीच वाली सीट के नीचे खाकी टेप से लिपटे 5 पैकेट अवैध गांजा बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने उड़ीसा के जयपुर निवासी अर्जुन से 20 हजार रुपये में गांजा खरीदा था और उसे छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने के उद्देश्य से सारंगढ़ ला रहा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 पैकेट गांजा, वैगनआर कार और एक रियलमी मोबाइल सहित कुल 3.60 लाख रुपये मूल्य का सामान जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, सहायक उपनिरीक्षक मोतीलाल डनसेना, गजेन्द्र कुमार चन्द्राकर, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिदार, आरक्षक दिलीप स्नेही, खेमलाल चौहान, गीता भास्कर तथा साइबर सेल सारंगढ़ से सहायक उपनिरीक्षक रामकुमार मानिकपुरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

खबर शेयर करें: