रायगढ़ में ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान: 16 नाबालिग वाहन चालकों पर कार्रवाई, अभिभावकों को दी सख्त चेतावनी
रायगढ़ में ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान: 16 नाबालिग वाहन चालकों पर कार्रवाई, अभिभावकों को दी सख्त चेतावनी
रायगढ़, 31 जुलाई। रायगढ़ यातायात पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान शहर के विभिन्न स्कूलों के आसपास, मुख्य चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर सघन जांच की गई, जिसमें 16 नाबालिग वाहन चालक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के दोपहिया वाहन चलाते पाए गए। सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान संबंधित नाबालिगों के 16 अभिभावकों को मौके पर बुलाकर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने अभिभावकों को स्पष्ट रूप से बताया कि नाबालिगों को वाहन चलाने देना कानूनन अपराध है और इसके लिए आर्थिक दंड सहित अन्य कानूनी प्रावधान भी लागू होते हैं। साथ ही भविष्य में बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन नहीं सौंपने की सख्त हिदायत दी गई।
यातायात पुलिस ने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण बन रहा है। इससे न केवल वाहन चला रहे बच्चे की जान खतरे में पड़ती है, बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। इसी उद्देश्य से यह विशेष अभियान शुरू किया गया है, जिसे आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रखा जाएगा।
रायगढ़ पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें, उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें और सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “नाबालिगों के हाथों में वाहन देना केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि उनके जीवन और दूसरों की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ है। सभी अभिभावक अपने बच्चों को वाहन चलाने से रोकें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें।”