छत्तीसगढ़

कुनकुरी में तेज रफ्तार ट्रेलर का कहर, बाइक सवार तीन युवक गंभीर घायल; एक की हालत नाजुक, चालक हिरासत में

 







जशपुर। जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जशपुर रेफर कर दिया गया।

घायल सुरेश राम, निवासी केराडिह बीजाडंड ने बताया कि वह अपने साथियों कुनू और सातू के साथ ग्लैमर बाइक से दुलदुला गए थे। वापस अपने गांव लौटते समय घुघरी-कमतरा मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस ने पीछा कर पकड़ा

दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस सक्रिय हुई और पीछा कर ट्रेलर को रोक लिया। पुलिस ने चालक आशीष यादव, निवासी जौनपुर (उत्तर प्रदेश) को हिरासत में ले लिया।

ट्रेलर जब्त, कानूनी कार्रवाई जारी







प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक खाली ट्रेलर लेकर झारसुगुड़ा की ओर जा रहा था। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं घायलों का इलाज जारी है, जिनमें एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button