मूसलाधार बारिश भी नहीं रोक पाई ये जुनून! इंद्रावती टाइगर रिजर्व में ऐसा नजारा, जिसने सबको चौंका दिया
बारिश के बीच इंद्रावती टाइगर रिजर्व में उमड़ा जनसैलाब, 'रन फॉर इंद्रावती' बना आकर्षण

रायपुर।
मूसलाधार बारिश भी लोगों के हौसले को नहीं डिगा सकी। अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर बीजापुर स्थित इंद्रावती टाइगर रिजर्व में ऐसा नजारा देखने को मिला, जहां बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग बाघ और वन्यजीव संरक्षण का संदेश देने के लिए जुटे। मैराथन से लेकर छात्र प्रतियोगिताओं तक पूरे दिन संरक्षण की गूंज सुनाई देती रही।
बारिश के बीच गूंजा बाघ संरक्षण का संदेश
इंद्रावती टाइगर रिजर्व और नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस, विद्यार्थियों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। देश के चौथे सबसे बड़े टाइगर रिजर्व में पहली बार इतने बड़े स्तर पर जनभागीदारी के साथ बाघ संरक्षण को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किए गए।
‘रन फॉर इंद्रावती’ बना सबसे बड़ा आकर्षण
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘रन फॉर इंद्रावती’ मैराथन रही। 5 और 10 किलोमीटर की दो श्रेणियों में आयोजित इस मैराथन में करीब 150 धावकों ने हिस्सा लिया। बीजापुर के अलावा दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बस्तर और अन्य जिलों से पहुंचे प्रतिभागियों ने तेज बारिश के बावजूद दौड़ पूरी कर वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया।
‘बाघों और जंगलों की सुरक्षा हम सबकी जिम्मेदारी’
मैराथन को कलेक्टर विश्वदीप ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाघों और वनों का संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम से जुड़ने की अपील की।
विद्यार्थियों ने दिखाई पर्यावरण के प्रति जागरूकता
अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर चित्रकला, पेंटिंग, कविता और भाषण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। जिले के 9 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बाघ संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं ने यह संदेश दिया कि नई पीढ़ी प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण को लेकर गंभीर और जागरूक है।
विजेताओं का हुआ सम्मान
पुरस्कार वितरण समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा मुख्य अतिथि रहीं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमन कुमार झा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों में पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना भविष्य के सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण की मजबूत नींव है।
वन विभाग और सामाजिक संस्था ने निभाई अहम भूमिका
कार्यक्रम के सफल आयोजन में इंद्रावती टाइगर रिजर्व के उप निदेशक संदीप बलगा, एसडीओ मनोज बघेल, वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन समारोह में मैराथन और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।