Raigarh News: नदी किनारे झाड़ियों में फंसे मिली ग्रामीण की लाश, 9 दिनों से लापता था शख्स, मामले में पुलिस की जांच जारी

रायगढ़। रायगढ़ जिले में 9 दिनों से लापता एक ग्रामीण का शव मांड नदी किनारे झाड़ियों में फंसा मिला। सूचना मिलते ही रैरूमा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला रैरूमा चौकी क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, भालूपखना निवासी मानसाय मांझी (57) 17 जुलाई को अपने चचेरे भाई के घर जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
ग्रामीण ने नदी किनारे देखा शव
इसके बाद 23 जुलाई को पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। शनिवार शाम ग्राम चिड़ोडीह का एक ग्रामीण खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसने मांड नदी के बहते पानी के किनारे झाड़ियों में एक शव फंसा देखा। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
शिनाख्त के बाद परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान मानसाय मांझी के रूप में की। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
प्रारंभिक आशंका है कि मानसाय मांझी की मौत नदी में नहाने के दौरान डूबने से हुई होगी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।