रायगढ़

Raigarh News: हाथियों का उत्पात लगातार जारी, हाथियों ने तोड़े 7 ग्रामीणों के कच्चे मकान और फसलें रौंदी, जिले में 142 हाथियों की मौजूदगी

 





रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। धरमजयगढ़ वन मंडल के कापू रेंज में दो रात के भीतर हाथियों ने 7 ग्रामीणों के कच्चे मकानों की दीवारें तोड़ दीं और कई किसानों की धान की फसलों को रौंदकर नुकसान पहुंचाया। वहीं घरघोड़ा रेंज में एक हाथी ने स्कूल की बाउंड्रीवाल भी गिरा दी। घटना के बाद वन विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार-शनिवार की रात कापू रेंज के जंगल से निकलकर तीन हाथी अलोला गांव पहुंचे। यहां उन्होंने किसान संतोष की धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद बसंती बाई, रामकुमार, लक्ष्मणराम, जगरसाय, शिवा चौहान, समोतिराम और घुरसाय के कच्चे मकानों की दीवारें तोड़ दीं।

हाथियों के गांव में पहुंचने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों पर चले गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। अगली रात भी यही तीन हाथी अलोला और इदंकालो गांव के आसपास पहुंच गए। यहां आदेराम राठिया, परमेश्वर, हरिशंकर, विजय राठिया, तीजराम तथा कमरई गांव के परसराम की फसलों को नुकसान पहुंचाया।

अन्य इलाकों में भी नुकसान

बाकारूमा रेंज के सोखमुड़ा, जमाबीरा और मदनपुर गांव में 20 हाथियों के दल ने क्रिस्टोफर, विनोद और रामलाल की धान की फसलों के साथ शौचालय को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं रायगढ़ वन मंडल के घरघोड़ा रेंज के चारमार गांव में जंगल से निकला एक हाथी स्कूल परिसर तक पहुंच गया और अपनी सूंड से स्कूल की बाउंड्रीवाल गिरा दी।







जिले में 142 हाथियों की मौजूदगी

रायगढ़ जिले के रायगढ़ और धरमजयगढ़ वन मंडलों में वर्तमान में कुल 142 हाथी मौजूद हैं। इनमें धरमजयगढ़ वन मंडल में 103 हाथी हैं, जिनमें 32 नर, 48 मादा और 23 शावक शामिल हैं। वहीं रायगढ़ वन मंडल में 39 हाथी अलग-अलग रेंज में विचरण कर रहे हैं। इनमें 10 नर, 24 मादा और 5 शावक शामिल हैं।

वन विभाग लगातार कर रहा निगरानी

कापू रेंज के रेंजर सूर्यकांत नेताम ने बताया कि हाथियों के दल पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रभावित गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। जंगल से लगे घरों में रात के समय नहीं रुकने की सलाह दी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। साथ ही ग्रामीणों को हाथियों से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी जा रही है।

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button