रायगढ़

कारगिल विजय दिवस पर मिलनी महिला जागृति समूह की अनूठी पहल, पौधारोपण कर दिया ‘हरित एवं स्वच्छ रायगढ़’ का संदेश

 





रायगढ़ । कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर जहां पूरा देश मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा था, वहीं रायगढ़ के सिविल लाइंस स्थित शहीद तोडाराम जोगी पार्क में मिलनी महिला जागृति समूह की महिलाओं ने पौधारोपण कर राष्ट्रभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया।

संस्था की महिला सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण को भी देश सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए पार्क परिसर में नीम, करंज, गुलमोहर, गुड़हल (चाइना रोज), अमरूद, मुनगा और जामुन जैसे औषधीय, छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया,इस दौरान सभी महिलाओं ने पौधों की देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण महिलाओं की एकजुटता और उनका विशेष परिधान रहा, ‘हरित रायगढ़-स्वच्छ रायगढ़’ (Green City, Clean City) के संदेश को साकार करने के लिए समूह की सभी सदस्य हरे रंग के परिधानों में शामिल हुईं,हरा रंग प्रकृति, हरियाली, समृद्धि और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक बना।

महिला सदस्यों ने कहा कि जिस तरह हमारे सैनिक सीमाओं पर देश की रक्षा करते हैं, उसी प्रकार प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाए,पौधारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित भविष्य देने का संकल्प है,इस अवसर पर संत कबीर का प्रसिद्ध दोहा भी याद किया गया।

“वृक्ष कबहुँ न फल भखैं, नदी न संचै नीर।
परमारथ के कारने, साधुन धरा शरीर॥”







दोहा का उल्लेख करते हुए, महिलाओं ने कहा कि प्रकृति निस्वार्थ भाव से सभी का कल्याण करती है। ठीक उसी प्रकार देश के वीर जवान भी अपने प्राणों की परवाह किए बिना राष्ट्र की रक्षा करते हैं, कारगिल विजय दिवस पर पौधारोपण कर मिलनी महिला जागृति समूह ने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए समाज को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का प्रेरणादायी संदेश दिया।

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button