Sarangarh  News: हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक समेत 1.75 लाख रुपये की संपत्ति जब्त, वाहन चेकिंग में पकड़ाए तस्कर

रायगढ़ July 24, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
Sarangarh  News: हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक समेत 1.75 लाख रुपये की संपत्ति जब्त, वाहन चेकिंग में पकड़ाए तस्कर

Sarangarh  News: हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक समेत 1.75 लाख रुपये की संपत्ति जब्त, वाहन चेकिंग में पकड़ाए तस्कर

 

 सारंगढ़। जिले के सलिहा थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा के दो आरोपियों को 8.656 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा और परिवहन में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल समेत कुल 1.75 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमप्रकाश सिंह (29 वर्ष), निवासी ग्राम बनचरी, जिला पलवल (हरियाणा) तथा जीतन (23 वर्ष), निवासी ग्राम हसनपुर, जिला पलवल (हरियाणा) के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसडीओपी बिलाईगढ़ विजय कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी पुरेन्द्र मल्होत्रा के नेतृत्व में 23 जुलाई 2026 को सलिहा थाना के सामने मुख्य मार्ग पर वाहन चेकिंग की जा रही थी।

वाहन चेकिंग में पकड़ाए तस्कर

दोपहर करीब 2:50 बजे बसना रोड की ओर से आ रही टीवीएस राइडर (HR-50-M-2830) को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान चालक ओमप्रकाश सिंह के कंधे पर रखे बैग से 5.175 किलोग्राम गांजा और पीछे बैठे जीतन के पास से 3.479 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। दोनों के कब्जे से कुल 8.656 किलोग्राम गांजा मिला।

1.75 लाख की संपत्ति जब्त

पुलिस ने आरोपियों से करीब ₹85 हजार मूल्य का गांजा तथा ₹90 हजार कीमत की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल जब्त की। जब्त संपत्ति की कुल कीमत ₹1.75 लाख आंकी गई है।

आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इनकी रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक पुरेन्द्र मल्होत्रा, सहायक उप निरीक्षक प्रकाश रजक, प्रधान आरक्षक देवप्रसाद सिदार, निशांत दुबे तथा आरक्षक चंद्रप्रकाश भारद्वाज, रामकुमार पटे, राजेश नारंग, बलराम लहरे सहित थाना सलिहा के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

खबर शेयर करें: