सर्पदंश मुआवजा घोटाला : दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार, सिम्स चौकी से लीक करते थे मौत की सूचना, संदेह के दायरे में कई डाक्टर
सर्पदंश मुआवजा घोटाला : दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार, सिम्स चौकी से लीक करते थे मौत की सूचना, संदेह के दायरे में कई डाक्टर
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के चर्चित फर्जी सर्पदंश मुआवजा घोटाले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। दोनों सिम्स अस्पताल चौकी में पदस्थ थे और आरोप है कि वे शव आने की सूचना गिरोह तक पहुंचाते थे। मामले में पहले ही वकील, डॉक्टर, तहसील कार्यालय के कर्मचारी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
मौत की सूचना पहुंचाकर गिरोह की करते थे मदद
पुलिस जांच के अनुसार, सिम्स अस्पताल चौकी में तैनात दोनों पुलिसकर्मी अस्पताल में शव आने की जानकारी खांडे गिरोह तक पहुंचाते थे। इसके बाद गिरोह का एक सदस्य मृतक के परिजनों से संपर्क कर सामान्य मौत को सर्पदंश से हुई मौत बताकर शासन से मिलने वाले 4 लाख रुपये के मुआवजे का लालच देता था।
विधानसभा में मामला उठने के बाद तेज हुई जांच
यह मामला विधानसभा में उठने के बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की। नायब नाजिर की ओर से सिविल लाइन, सरकंडा, कोनी, कोतवाली, तोरवा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्रों में फर्जी सर्पदंश से मौत के 15 मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई। इसके बाद एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के नेतृत्व में सभी मामलों की पुरानी फाइलों की दोबारा समीक्षा शुरू की गई।
ऐसे होता था फर्जीवाड़ा
जांच में सामने आया कि इस पूरे रैकेट का कथित मास्टरमाइंड वकील हीराप्रसाद खांडेकर था। उसने अपने गिरोह में बैंककर्मी, तहसील कार्यालय से जुड़े लोगों और अन्य सहयोगियों को शामिल कर रखा था। किसी भी सामान्य मौत के बाद गिरोह के सदस्य मृतक के परिजनों से संपर्क करते थे और सर्पदंश से मौत दिखाकर सरकारी सहायता राशि दिलाने का प्रस्ताव देते थे। इसके बाद कथित रूप से फर्जी शपथपत्र, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य दस्तावेज तैयार कर तहसील कार्यालय में प्रक्रिया पूरी कराई जाती थी। साथ ही मुआवजा राशि प्राप्त करने के लिए बैंक खाता खुलवाने की व्यवस्था भी गिरोह द्वारा कराई जाती थी।
कई डॉक्टर भी पुलिस की रडार पर
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। जांच के दौरान कई अन्य डॉक्टरों और संदिग्ध लोगों की भूमिका भी सामने आई है, जिनकी जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।