Raigarh News: घर के अंदर मिली बुजुर्ग दंपती की लाश, हत्या कर जलाने की आशंका, धान की खेती करने गांव आए थे पति-पत्नी
Raigarh News: घर के अंदर मिली बुजुर्ग दंपती की लाश, हत्या कर जलाने की आशंका, धान की खेती करने गांव आए थे पति-पत्नी
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में घर के अंदर बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध हालत में लाश मिली है। हत्या कर पति-पत्नी के शव को जलाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, घरघोड़ा के औरामुड़ा गांव निवासी मंगलूराम राठिया (65) अपनी पत्नी पुनई बाई राठिया के साथ धान की फसल की खेती के लिए क्रोंधा गांव आए थे। मंगलवार रात दोनों अपने घर में मौजूद थे। इसी दौरान देर रात यह वारदात हुई है।
बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञ और डॉग स्क्वॉड की टीम भी मौके पर पहुंची।
घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
ग्रामीण जता रहे हत्या की आशंका
ग्रामीणों का कहना है कि, पहली नजर में मामला संदिग्ध लग रहा है और हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।