CG News: आईटीआर में बाघ शिकार पर बड़ी कार्रवाई, रेंजर, डिप्टी रेंजर और बीट गार्ड निलंबित

बीजापुर. बीजापुर जिले के इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघ शिकार के चर्चित मामले में शासन ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बाघ शिकार प्रकरण में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर पासेवाड़ा रेंज के रेंजर, डिप्टी रेंजर और बीट गार्ड के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई है।
एसडीओ मनोज बघेल ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देश पर पासेवाड़ा रेंज के रेंजर कमल कश्यप, डिप्टी रेंजर नरहरि बघेल तथा बीट गार्ड विश्वनाथ मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इन अधिकारियों पर अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि बाघ शिकार की घटना के सामने आने के बाद वन विभाग और उच्च अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में लापरवाही के संकेत मिलने पर शासन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए तीनों अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निलंबित करने का आदेश जारी किया। एसडीओ मनोज बघेल ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में अन्य किसी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका सामने आती है, तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इंद्रावती टाइगर रिजर्व प्रदेश के महत्वपूर्ण बाघ संरक्षण क्षेत्रों में से एक है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में बाघ शिकार की घटना सामने आने से वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। यह कार्यवाही ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि वन्यजीव अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या जिम्मेदारी से समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।