मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी, उल्टी-दस्त, पीलिया, टायफाइड व मच्छरजनित रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता और सावधानी अपनाने की अपील

रायगढ़ July 1, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी, उल्टी-दस्त, पीलिया, टायफाइड व मच्छरजनित रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता और सावधानी अपनाने की अपील

मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी, उल्टी-दस्त, पीलिया, टायफाइड व मच्छरजनित रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता और सावधानी अपनाने की अपील

रायगढ़, 1 जुलाई 2026/ जिले में लगातार बदलते मौसम और वर्षा ऋतु को देखते हुए आमजन को मौसमी बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जगत ने नागरिकों से मौसम परिवर्तन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मौसम और तापमान में बदलाव के कारण विभिन्न प्रकार के संक्रमण तेजी से फैलने की आशंका रहती है। विशेष रूप से वर्षा ऋतु में उल्टी-दस्त, पीलिया, टायफाइड सहित अन्य जलजनित एवं खाद्य जनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में यदि दैनिक जीवन में स्वच्छता और सुरक्षित खानपान की आदतों को अपनाया जाए तो इन बीमारियों से काफी हद तक बचाव संभव है।

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि पीने के पानी को उबालकर अथवा शुद्ध करके ही उपयोग करें। घर एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखें तथा गंदगी, कचरा और सड़े-गले पदार्थों का जमाव न होने दें। बाजार से खरीदे गए फल, सब्जियां, मांस और मछली को अच्छी तरह धोकर ही उपयोग करें। खुले में रखे खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें तथा हमेशा ताजा और गर्म भोजन करें। साथ ही शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए विटामिन-सी युक्त फल एवं पौष्टिक आहार का नियमित सेवन करें। बरसात के मौसम में मच्छरों तथा जहरीले कीड़े-मकोड़ों के काटने की संभावना भी बढ़ जाती है। इससे बचाव के लिए रात में मच्छरदानी का उपयोग करें, घरों में पानी जमा न होने दें तथा आवश्यकतानुसार कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव कराएं। किसी भी व्यक्ति में तेज बुखार, लगातार उल्टी-दस्त, पीलिया अथवा अन्य गंभीर लक्षण दिखाई देने पर स्वयं उपचार करने के बजाय तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श लें। स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि छोटी-छोटी सावधानियों को अपनाकर स्वयं और अपने परिवार को मौसमी बीमारियों से सुरक्षित रखें तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी सलाह का पालन करें।

खबर शेयर करें: