रायपुर पहुंचने से पहले ही खुल गया तस्कर का राज, बस स्टैंड पर बैग खुलते ही पुलिस भी रह गई हैरान
ओडिशा से 8.08 किलो गांजा लेकर रायपुर जाने की फिराक में था आरोपी, मुखबिर की सूचना पर जगदलपुर बस स्टैंड से गिरफ्तारी

बस्तर। रायपुर के लिए बस पकड़ने की तैयारी कर रहे एक कथित गांजा तस्कर की योजना जगदलपुर बस स्टैंड पर ही धरी रह गई। मुखबिर की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपी को बस स्टैंड से गिरफ्तार कर उसके बैग से 8.08 किलो गांजा बरामद किया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 4 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बोधघाट थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति बड़ी मात्रा में गांजा लेकर जगदलपुर बस स्टैंड पर मौजूद है और रायपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही 28 जून को पुलिस टीम ने बस स्टैंड स्थित आम पेड़ के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुकड़ा धुरवा, निवासी केंदुगुड़ा नदीपारा, थाना व्यापारीगुड़ा, जिला कोरापुट (ओडिशा) बताया। तलाशी के दौरान उसके लाल-सफेद रंग के बैग से 8.08 किलो गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा उसके पास से 700 रुपये नगद भी जब्त किए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में बिक्री के उद्देश्य से उसका परिवहन करने की तैयारी में था। हालांकि, पूछताछ के दौरान वह गांजा रखने अथवा उसके परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने गांजा जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज किया। 29 जून को उसे विधिवत गिरफ्तार कर विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






