Raigarh News:  कांग्रेस ने बिजली विभाग घेरा, बिजली नीति के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन, दरें वापस लेने और स्मार्ट मीटर रोकने की मांग

रायगढ़ June 19, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News:  कांग्रेस ने बिजली विभाग घेरा, बिजली नीति के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन, दरें वापस लेने और स्मार्ट मीटर रोकने की मांग

Raigarh News:  कांग्रेस ने बिजली विभाग घेरा, बिजली नीति के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन, दरें वापस लेने और स्मार्ट मीटर रोकने की मांग

रायगढ़. रायगढ़ में कांग्रेस ने बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। बढ़ती बिजली दरों, आम लोगों पर बढ़ रहे आर्थिक बोझ और बिजली नीति के विरोध में कांग्रेस ने बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव किया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान सरकार का पुतला भी फूंका गया।

शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कई नेता और कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने पहले सरकार का पुतला फूंका और फिर बिजली दफ्तर का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन बिजली दरों में लगातार हो रही बढ़ोतरी, आम लोगों पर बढ़ते आर्थिक बोझ और सरकार की बिजली नीति के विरोध में किया गया है। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

कांग्रेस का कहना है कि महंगाई पहले से ही बढ़ रही है और भाजपा सरकार बनने के बाद अब तक पांच बार बिजली दरों में बढ़ोतरी की जा चुकी है। इससे आम लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। कांग्रेस नेताओं ने बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी वापस लेने और स्मार्ट मीटर के विरोध में एक ज्ञापन भी सौंपा।

किसान-मजदूर आम जनता सब परेशान

इस दौरान लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार ने कहा कि लगातार बढ़ रही बिजली दरों, बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर से ज्यादा बिल आने की शिकायतों को लेकर बिजली विभाग का घेराव किया गया है।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर की वजह से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। उनका आरोप है कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद से किसान, मजदूर और आम लोग कई तरह की समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

बिजली विभाग का घेराव कर कांग्रेस नेताओं ने अपनी मांगे रखी।

मांग पूरी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन करेंगे

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद अब तक पांच बार बिजली दरों में बढ़ोतरी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही स्मार्ट मीटर का विरोध करती रही है। उनका आरोप है कि जो उपभोक्ता स्मार्ट मीटर नहीं लगवा रहे हैं, उन पर कार्रवाई का दबाव बनाया जा रहा है।

शाखा यादव ने कहा कि एक तरफ उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार स्मार्ट मीटर के फैसले पर पीछे हट रही है, वहीं छत्तीसगढ़ में लोगों पर इसे अनिवार्य किया जा रहा है। उनका दावा है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल बढ़ गए हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसी “जनविरोधी फैसले” को वापस लेने की मांग को लेकर प्रदर्शन करने पहुंची है। साथ ही चेतावनी दी कि अगर सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो कांग्रेस आगे और बड़ा आंदोलन करेगी।

खबर शेयर करें: