रायगढ़

Raigarh News: राजस्व पखवाड़ा बना आमजन के लिए राहत का माध्यम, तीन चरणों में 4 हजार से अधिक आवेदनों का निराकरण, गांवों तक पहुंचीं राजस्व सेवाएं

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से लोगों को मिली त्वरित प्रशासनिक सुविधा
रायगढ़, 19 जून 2026/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन और जनसेवा के संकल्प को साकार करते हुए जिले में आयोजित राजस्व पखवाड़ा अभियान हजारों नागरिकों के लिए राहत का माध्यम बना। गांव-गांव आयोजित शिविरों के जरिए राजस्व सेवाओं को लोगों के द्वार तक पहुंचाया गया, जिससे लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के साथ आमजन को समयबद्ध सेवाओं का लाभ मिला। जिले में तीन चरणों में आयोजित राजस्व पखवाड़ा के दौरान कुल 4 हजार 417 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 4 हजार 320 से अधिक प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। इससे लोगों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिली तथा विभिन्न राजस्व सेवाएं सरल और सुगम तरीके से उपलब्ध हो सकीं।

अभियान के दौरान नामांतरण, सीमांकन, खाता विभाजन, अभिलेखों में त्रुटि सुधार, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, खसरा-बी-1 वितरण, नक्शा बंटांकन, अभिलेख शुद्धता, आरबीसी 6-4 प्रकरण सहित अनेक राजस्व मामलों का निराकरण किया गया। शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही किया गया। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान के तहत लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र के ऑनलाइन आवेदन भी लिए गए। साथ ही लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। राजस्व पखवाड़ा के तीनों चरणों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण से नामांतरण, सीमांकन, प्रमाण पत्र एवं अन्य राजस्व सेवाओं से जुड़े मामलों के निपटारे में तेजी आई है, जिससे नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक सेवाएं प्राप्त हो सकीं। राजस्व पखवाड़ा अभियान ने प्रशासन और आमजन के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करने के साथ ही सुशासन की अवधारणा को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से स्थापित किया।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button