रायगढ़ स्टेडियम का बदलेगा स्वरूप: ₹11.5 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक खेल परिसर, सिंथेटिक ट्रैक-50 मीटर स्विमिंग पूल बन रहा, अब राष्ट्रीय मुकाबले भी होंगे, खिलाड़ियों को मिलेंगी नई सुविधाएं

रायगढ़. रायगढ़ शहर के स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। करीब 11.5 करोड़ रुपए की लागत से सिंथेटिक ट्रैक, 50 मीटर का स्विमिंग पूल और अन्य खेल सुविधाएं तैयार की जा रही हैं। काम पूरा होने के बाद खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर व्यवस्था मिलेगी।
स्टेडियम में एथलेटिक्स के लिए सिंथेटिक ट्रैक बनाया जा रहा है। इस ट्रैक पर दौड़ने से खिलाड़ियों के घुटनों और जोड़ों पर कम दबाव पड़ता है। साथ ही बारिश और अन्य मौसम में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। राज्य और राष्ट्रीय स्तर की अधिकांश प्रतियोगिताएं ऐसे ही ट्रैक पर होती हैं।
25 मीटर से बढ़कर 50 मीटर का बनेगा पूल
अभी स्टेडियम में 25 मीटर का स्विमिंग पूल है। अब यहां 50 मीटर का नया पूल तैयार किया जा रहा है। इसके बनने के बाद राज्य और राष्ट्रीय स्तर की तैराकी प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जा सकेंगी। पुराने पूल को भी बेहतर बनाया जाएगा।
तीरंदाजी, स्केटिंग और रोलबॉल के लिए भी तैयारी
स्टेडियम में तीरंदाजी के लिए अलग मैदान तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा स्केटिंग और रोलबॉल के लिए भी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। खिलाड़ियों की जरूरत के हिसाब से अन्य छोटे-बड़े काम भी किए जा रहे हैं।
सितंबर से चल रहा है काम
स्टेडियम में निर्माण कार्य सितंबर माह से शुरू हुआ था। वर्तमान में सिंथेटिक ट्रैक, स्विमिंग पूल और अन्य खेल सुविधाओं का काम तेजी से जारी है। जिससे खिलाड़ियों को जल्द से जल्द आधुनिक खेल परिसर उपलब्ध कराया जा सके।
पूरा होने में लग सकते हैं 6 महीने
नगर निगम आयुक्त एवं स्टेडियम समिति के सचिव बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि सभी काम पूरे होने में करीब 6 महीने और लग सकते हैं। उन्होंने कहा कि सुविधाएं शुरू होने के बाद खिलाड़ियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा।
अब रायगढ़ में होंगे बड़े खेल आयोजन
इस मामले में स्टेडियम प्रभारी जीवन नायक ने बताया कि, 25 मीटर का पूल होने के कारण अब तक बड़ी तैराकी प्रतियोगिताएं नहीं हो पाती थीं। 50 मीटर का पूल बनने और सिंथेटिक ट्रैक तैयार होने के बाद रायगढ़ में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित कराना आसान हो जाएगा। इससे जिले के खिलाड़ियों को भी बेहतर अवसर मिलेंगे।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






