डायल-112 के आरक्षक पर देर रात जानलेवा हमला, सिर और आंख में आई गंभीर चोट, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ June 18, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
डायल-112 के आरक्षक पर देर रात जानलेवा हमला, सिर और आंख में आई गंभीर चोट, आरोपी गिरफ्तार

डायल-112 के आरक्षक पर देर रात जानलेवा हमला, सिर और आंख में आई गंभीर चोट, आरोपी गिरफ्तार

 

बिलासपुर। शहर में पुलिसकर्मियों पर हमले की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। ताजा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां देर रात घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची डायल-112 टीम पर एक युवक ने हमला कर दिया। हमले में डायल-112 में पदस्थ आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना में पदस्थ डायल-112 के आरक्षक मोरज सिंह (बैच नंबर 788) अपनी टीम के साथ कुदुदंड क्षेत्र में घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सागर छात्रवानी अपने पिता मुन्ना छात्रवानी के साथ गाली-गलौच और मारपीट कर रहा था।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को शांत कराने और सागर के पिता को सुरक्षित करने का प्रयास किया। इसी दौरान शराब के नशे में धुत सागर छात्रवानी की पुलिसकर्मियों से बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने पास मौजूद डंडे से आरक्षक मोरज सिंह पर हमला कर दिया।

हमले में आरक्षक के सिर और आंख में गंभीर चोटें आईं। घायल आरक्षक को तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सागर छात्रवानी को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

खबर शेयर करें: